उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद में सपा, रालोद और भारतीय किसान यूनियन ने संयुक्त रूप से जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। गठबंधन ने सरदार मनदीप की पत्नी चरणजीत कौर पर खेला दांव खेला है। जिले में 56 जिला पंचायत सीटों पर चुनाव हुआ, जिसमें सपा ने शानदार प्रदर्शन किया था। इस चुनाव में सपा के 20 प्रत्याशी चुनाव जीत गए थे। वहीं उनके साथ गठबंधन में रालोद के चार और भाकियू के दो प्रत्याशी भी चुनाव जीते थे।
वहीं पिछले काफी समय से सपा गठबंधन में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के नाम को लेकर मंथन चल रहा था। इसमें कई नाम सामने आ रहे थे, लेकिन अंत में सरदार मनदीप सिंह की पत्नी चरणजीत कौर के नाम पर मुहर लग गई है। सपा से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नसरीन सैफी शाहजहां रफी अंसारी समेत कई सदस्य प्रत्याशी बनने के दावेदार थे। सपा ने हाईकमान को सात दावेदारों के नाम भेजे थे। हाईकमान ने चरणजीत कौर के नाम पर मुहर लगाई।
चरणजीत कौर को गठबंधन का प्रत्याशी बनाकर गठबंधन विधानसभा चुनाव में इसका लाभ उठाना चाहता है। कई सीटों पर बड़ी तादाद में सिख समाज के वोटर हैं। उन्हें लुभाने के लिए चरणजीत कौर को प्रत्याशी बनाया गया है। सरदार मनदीप सिंह और उनकी पत्नी का इससे पहले कोई राजनीतिक करियर नहीं है। दोनों गांव में रहते हैं और खेती करते हैं। चरणजीत कौर पहली बार चुनाव लड़ी थीं।