जिला अस्पताल को मिले दो और एनीस्थिसिया
बिजनौर। जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में लगे चार वेंटिलेटर को संचालित करने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंदक के प्रभारी चिकित्साधिकारी एनीस्थिसिया देवेंद्र कुमार को जिला अस्पताल में भेजा गया है। इसके अलावा लखनऊ से भी एक एनीस्थिसिया को भेजा है। अब जिला अस्पताल में तीन एनीस्थिसिया हो गए हैं, जबकि जिला महिला अस्पताल में पहले से ही एनीस्थिसिया डॉ. एफसी वर्मा कार्यरत हैं।
शासन के निर्देश पर जिला अस्पताल में करीब एक सप्ताह पूर्व ही आइसोलेशन वार्ड में चार वेंटिलेटर लगवाए गए हैं। सीएमएस ज्ञानचंद के अनुसार वेंटिलेटर के संचालन के लिए एनीस्थिसिया की आवश्यकता पड़ती है। वर्तमान में डॉ. पंकज सिंह जिला अस्पताल और डॉ. एफसी वर्मा जिला महिला अस्पताल में एनीस्थिसिया हैं। अब अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मुरादाबाद मंडल ने मुख्य चिकित्साधिकारी बिजनौर के अधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंदक पर कार्यरत प्रभारी चिकित्साधिकारी देवेंद्र कुमार को और शासन ने लखनऊ मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के एनीस्थिसिया को जिला अस्पताल भेजा गया है। बता दें कि डॉ. देवेंद्र कुमार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंदक के प्रभारी चिकित्साधिकारी होने के साथ साथ ब्लॉक मोहम्मदपुर देवमल और हल्दौर के क्वेक्स के नोडल अधिकारी भी हैं।