बिजनौर। गन्ना तौल में घटतौली को लेकर रार चल रही है। मंडावर गन्ना क्रय केंद्र पर हुए घटनाक्रम में भाकियू लोकशक्ति के जिलाध्यक्ष समेत आठ के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। घटतौली है या नहीं, यह हकीकत परखने शनिवार को एसडीएम ने कई क्रय केंद्रों पर पहुंचकर जांच की।
बृहस्पतिवार को बरकातपुर चीनी मिल के मंडावर ए क्रय केंद्र पर लायकपुरी का किसान गन्ना लेकर पहुंचा। इसी बीच भाकियू लोकशक्ति के जिलाध्यक्ष वीर सिंह और अन्य भी पहुंच गए। इन्होंने 40 किलोग्राम की घटतौली का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उधर इस क्रय केंद्र पर पचास से अधिक तौल लिपिक भी एकत्र हो गए। तौल लिपिकों और किसान नेताओं में जमकर नोकझोंक हुई। मारपीट की बात भी कही जा रही है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। बता दें कि किसान नेता वीर सिंह ने पंद्रह दिन पहले एक क्रय केंद्र पर घटतौली पकड़वा दी थी।
अब मंडावर ए केंद्र पर हुए घटनाक्रम के बाद तौल लिपिक नितिन कुमार की ओर से लायकपुरी के अमित, रामौतार, गांव चमरौला के वीर सिंह, हिमांशू, मायापुरी नितिन को नामजद करते हुए आठ के खिलाफ मारपीट, धमकी देने आदि समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज कराया है।
एसडीएम ने गन्ना क्रय केंद्रों पर मारा छापा
एसडीएम सदर रितु चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम ने शनिवार को बरकातपुर चीनी मिल के मुजफ्फरपुश केशो, बिलाई चीनी मिल के क्रय केंद्र मंडावली, बिजनौर चीनी मिल के क्रय केंद्र काजीवाला का निरीक्षण किया। ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक बिजनौर दलेश्वर मिश्रा ने बताया कि तीन क्रय केंद्रों की बारीकी से जांच की। जांच में कोई कमी नहीं मिली है।
जोन ऑफिस मंडावर में ही है, जिस पर तौल लिपिक रिपोर्ट जमा करने आए थे। घटना की सूचना सभी लिपिक क्रय केंद्र पर पहुंच गए थे, जिस पर कोई घटतौली नहीं पकड़ी गई थी। कांटा खराब होने के कारण तौल बंद कर दी गई थी। सभी आरोप निराधार हैं।...नरपत सिंह, राठौर, यूनिट हेड उत्तम शुगर मिल बरकातपुर
मंडावर ए क्रय केंद्र पर तौल लिपिकों ने खुद ही मशीन तोड़कर किसानों के खिलाफ ही रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जिले में घटतौली नहीं होने दी जाएगी। पहले भी चीनी मिली गेट पर घटतौली पकड़ी गई थी। नांगल क्रय केंद्र पर भी घटतौली पकड़ी जा चुकी है। घटतौली बंद होनी चाहिए।....वीर सिंह, जिला अध्यक्ष भाकियू लोकशक्ति