नांगलसोती के गांव रसूलपुर सैदपुर में नगीना से आई थी बरात
संवाद न्यूज एजेंसी
नजीबाबाद/नांगलसोती (बिजनौर)। नांगलसोती क्षेत्र में नगीना से आई बरात में दूल्हा और दुल्हन पक्ष में मेहर को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर बराती खिसक गए, लेकिन दूल्हे को रात भर बंधक बनाए रखा गया। पुलिस दोनों पक्षों में समझौता कराने के प्रयास में जुटी है।
नांगलसोती के गांव रसूलपुर सैदपुर में नगीना के मोहल्ला कलालान से शनिवार को बरात आई थी। निकाह से पूर्व दूल्हा-दुल्हन पक्ष में मेहर को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी के साथ मारपीट हुई। दूल्हे ने निकाह से इंकार कर दिया। दोनों पक्षों में देर रात तक बरात वापसी के लिए शादी में खर्च की गई धनराशि दुल्हन पक्ष को देने पर सहमति बनी।
रविवार सुबह दूल्हा पक्ष शादी में खर्च हुई धनराशि को देने से मुकर गया। इसे लेकर मामला थाने तक पहुंच गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने में बुलाया। दोनों पक्षों के लोग विवाद को सुलझाने में जुटे हैं। नांगल थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों में आपसी समझौते को लेकर वार्ता चल रही है।