पूरे जिले में आंधी से आफत
बिजनौर। सोमवार रात आई आंधी और बारिश कई जगहों पर आफत बन गई। आंधी के कारण यूं तो पूरा जिला ही प्रभावित रहा, लेकिन करीब एक हजार गांवों की बिजली रातभर गुल रही। सुबह के समय मरम्मत हुई तो अधिकांश गांवों में बिजली व्यवस्था सुचारु हो गई। उधर, आंधी से आम की फसल को नुकसान हुआ, वहीं बारिश से गन्ने व चारे की फसल की सिंचाई हो गई। पेड़ गिरने से जिला मुख्यालय पर भी कई घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। सोमवार रात चार एमएम बारिश हुई।
सोमवार को पूरा दिन मौसम साफ रहा, लेकिन आधी रात को अचानक तेज हवा चलने लगी। हवा की गति आठ किमी प्रति घंटा रही। हवा के तेज झोंकों की वजह से आम की काफी फसल टूटकर गिर गई। कुछ ही देर में बारिश शुरू हो गई। हवा के तेज झोंकों की शुरूआत में ही बिजली गुल हो गई। आंधी कुछ ही देर में रुक गए और बारिश दो घंटे तक होती रही। कई जगह पेड़ गिर गए। बारिश की वजह से लाइन पर पेड़ टूटकर गिरने से पूरे ही जिले की विद्युत आपूर्ति बाधित रही। कुछ जगह मंगलवार सवेरे तक आपूर्ति बाधित रही, जबकि कई जगह दोपहर बाद बिजली आई।
जिला मुख्यालय पर मंडावली क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। नजीबाबाद, मंडावर रोड पर बसी कॉलोनियों में बिजली आपूर्ति करीब एक बजे तक बाधित रही। बिजली न होने की वजह से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। वहीं बारिश से गन्ने व बाकी फसलों को बहुत फायदा हुआ है। इन फसलों की बढ़िया सिंचाई हो गई। तहसीलदार प्रीति सिंह के मुताबिक देर रात तेज हवा और बारिश के चलते कहीं पेड़ व मकान गिरने से जान माल का नुकसान नहीं हुआ है। कहां कितने पेड़ गिरे यह संख्या उनके पास नहीं है। नगीना स्थित मौसम वेधशाला के प्रेक्षक सतीश कुमार के अनुसार अभी एक-दो और दिन में बारिश होने के आसार बने हुए हैं। एसडीओ राहुल कुुमार के मुताबिक तेज हवा से कोई बड़ा फाल्ट नहीं हुआ। छोटे मोटे फाल्ट हुए। उन्हें ठीक कराकर बिजली चालू करा दी गई है।
निजामतपुरा में घरों में घुसा पानी, ग्रामीणों ने लगाया जाम
गंज दारा। गांव निजामतपुरा में बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस गया। पानी की निकासी न होने से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम के मुख्य नाले का पानी का प्रधान द्वारा निस्तारण न करके पानी को खेतों में छोड़ दिया था। अब खेत स्वामी ने इसे बंद दिया, जिससे पानी लोगों के घरों में घुस गया। सूचना पाकर गंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। चौकी इंचार्ज अमित कुमार व ग्राम प्रधान पति सरफराज अहमद ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया तो लोगों ने जाम खोला।
कई जगह टूटे पेड़, घंटों मार्ग बाधित
अफजलगढ़ /रेहड़/स्योहारा। अफजलगढ़-कालागढ़ मार्ग पर कादराबाद के निकट यूकेलिप्टस का भारी पेड़ उखड़ कर सड़क पर जा गिरा, जिससे घंटो मार्ग बाधित रहा। इससे बिजली के तार टूटे ने दर्जनों गांवों की बिजली ठप हो गई। उधर रेहड़ क्षेत्र में कई जगहों पर बिजली के खंभे व तार टूट गए। अवर अभियंता रणजीत मौर्या ने बताया की हाई टेंशन लाइन पर पेड़ गिर जाने से गादला में दो ,जबकि नारायणवाला में तीन पोल क्षतिग्रस्त हो गए। इसके अलावा कल्लूवाला सहित दूसरे कई स्थानों पर भी लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। अवर अभियंता रणजीत मौर्या ने बताया की आंधी के कारण आधा दर्जन से अधिक स्थानों पेड़ टूटे है, पोल व तार क्षतिग्रस्त हुए हैं। वहीं स्योहारा में तेज आंधी के साथ हुई बारिश से कई पेड़ टूटे। विद्युत व्यवस्था हुई ठप। क्षेत्र में कई जगहों पर पेड़ उखड़ कर विद्युत लाइन पर गिरने से विद्युत सप्लाई पूरे दिन ठप रही।
नींदडू में छत पर गिरी दीवार, मलबे में दबने से महिला व उसके दो बेटे घायल
नींदडू। सोमवार रात आई आंधी व बारिश के दौरान सीमेंट की चादर से बनी छत के ऊपर बाउंड्री की दीवार के मलबे में दबकर कमरे में सो रही महिला एवं उसके दो बेटे जख्मी हो गए।
शाही मसजिद के पास मोहम्मद आसिफ, वाजिद शाह और खुशनूदा के एक दूसरे से मिले आवास हैं। खुशनूदा के मकान की छत पर बाउंड्री की पांच फुट ऊंची दीवार है। आसिफ व वाजिद के कमरों की छत पर सीमेंट की चादरें पड़ी हैं। सोमवार रात घटना के समय वाजिद का परिवार अपनी रिश्तेदारी में गया था, जबकि आसिफ अपनी पत्नी व बच्चों के साथ कमरे में सो रहा था। रात के करीब ढाई बजे तेज हवा और बारिश के चलते पति व पत्नी जाग गए। इससे पहले कि वह दोनों बेटों को लेकर बाहर निकलता, खुशनूदा के आवास की बाउंड्रीवाल आसिफ व वाजिद के आवास पर गिर गई तथा दीवार का मलबा सीमेंट की चादरों को तोड़ता हुआ कमरे में आ गिरा। मलबे की चपेट में आने से आसिफ की पत्नी शाहीन (35) तथा पुत्र अलफहद (08) व अलकेफ (05) जख्मी हो गए। घायलों की स्थानीय चिकित्सक के यहां ले जाकर उपचार कराया गया।