डीआईओएस का पुतला फूंकते अटेवा के कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में ऑल टीचर्स, एंप्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन ने माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों की सैलरी का भुगतान न होने पर डीआईओएस कार्यालय पर प्रदर्शन किया। जल्द वेतन नहीं मिलने पर सोमवार से चाक डाउन हड़ताल करने की चेतावनी दी है।
माध्यमिक स्कूलों में एक अप्रैल 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों को दो महीने से सैलरी का भुगतान नहीं किया गया है। बृहस्पतिवार को अटेवा के संयोजक चंद्रहास के नेतृत्व में शिक्षक डीआईओएस कार्यालय पर एकत्रित हुए और प्रदर्शन कर जुलाई व अगस्त महीने की सैलरी का भुगतान कराने की मांग की।
शिक्षकों ने डीआईओएस पर शिक्षकों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया और गलत तरीके से शिक्षकों की सैलरी रोके जाने से क्षुब्ध शिक्षकों ने डीआईओएस डॉ. अरुण कुमार दुबे का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारी शिक्षकों ने कहा कि यदि सैलरी का भुगतान नहीं किया गया तो जिले के शिक्षक सोमवार से चाक डाउन हड़ताल करेंगे।
इस मौके पर अन्य वक्ताओं ने शिक्षणेत्तर कर्मचारियों व शिक्षकों की सैलरी रोकने का गलत बताया। दूसरी ओर, अटेवा की ओर से डीएम को दिए मांग पत्र में कहा गया है कि अन्य विभागों में शिक्षकों व अन्य कर्मचारियों को जुलाई महीने की सैलरी का भुगतान कर दिया गया है। पत्र में शिक्षकों की सैलरी का भुगतान नहीं होने के मामले की जांच कराने की मांग की गई है तथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कराने को कहा है। भूपेंद्र पाल सिंह, प्रदीप कुमार सिंह, मनोज , राजेंद्रकुमार, बलराज सिंह सहित काफी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।