कासमपुरगढ़ी ब्लाक पर बीडीओ के स्थान पर कार्य करती एचसीएम इंटर कॉलेज की छात्रा दीक्षा रानी।
- फोटो : BIJNOR
दीक्षा बनी एक दिन की खंड विकास अधिकारी
कासमपुर गढ़ी। एक दिन की खंड विकास अधिकारी बनीं दीक्षा के सामने एक महिला ने रिश्वत न देने की वजह से मकान न बनने की समस्या बताई। दीक्षा ने महिला की समस्या का समाधान कराने और आरोपी कर्मचारी के खिलाफ जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
बालिका दिवस के अवसर पर एचसीएम इंटर कॉलेज कासमपुर गढ़ी की कक्षा 12 की छात्रा दीक्षा रानी को एक दिन के लिए अफजलगढ़ की खंड विकास अधिकारी बनाया गया। दीक्षा ने ब्लॉक कार्यालय का निरीक्षण कर लोगों की समस्याएं सुनीं। गांव गोवर्धनपुर उर्फ नाबका से आई दीपा पत्नी कोशल कुमार ने बताया कि तीन साल पहले उसका कच्चा मकान गिर गया था । वह और उसकी दो बच्चियां भी उसमें दब गई थीं। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत उसका आवास स्वीकृत हो गया था। आरोप है कि ग्राम पंचायत अधिकारी आवास बनवाने के नाम पर 15 हजार रुपये की मांग कर रहा है। रिश्वत न देने पर उसका मकान आज तक नहीं बना है। खंड विकास अधिकारी दीक्षा ने अधीनस्थ कर्मचारियों को शीघ्र समस्या के समाधान का आदेश दिया तथा आरोपी ग्राम पंचायत अधिकारी के विरुद्ध जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर एडीओ सुरेंद्र कुमार, बलजीत सिंह, गौरव कुमार, कृपाल सिंह आदि उपस्थित रहे।