स्योहारा। स्योहारा क्षेत्र में हो रहे मिटटी के अवैध खनन पर डीआईजी की स्पेशल टीम ने छापा मार कर कार्यवाई करते हुए सात मिटटी से भरे डंपर व दो जेसीबी व नौ व्यक्तियों को हिरासत में लिया तो जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। डीआईजी ने सीओ ठाकुरद्वारा को मामले की जांच सौंपी है।
रविवार को सीओ धामपुर ने थानाध्यक्ष के साथ मिट्टी उठने वाले स्थान का निरीक्षण किया। जिन्होंने मिट्टी उठान का जायजा लिया। बता दें कि शनिवार की रात सीओ ठाकुरद्वारा सागर जैन ने तीन थानों की फोर्स को लेकर स्योहारा पुलिस को बिना सूचना दिये स्योहारा क्षेत्र में चल रहे अवैध खनन पर छापा मारा था। मुरादाबाद पुलिस ने कार्यवाई में मौके से मिट्टी से भरे सात डंपर व दो जेसीबी व नौ लोगों को हिरासत में लिया था। डीआईजी स्तर से की गई इस कार्यवाई की खबर लगते ही जिले के पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।
बता दें कि काफी दिनों से यहां खनन हो रहा था, लेकिन टास्क फोर्स ने भी कभी कार्रवाई नहीं की। जिला स्तरीय अधिकारियों से लेकर स्थानीय स्तर पर तैनात अधिकारी भी आंखें मूंदे रहे। हल्का लेखपाल, बीट सिपाही से लेकर तहसील स्तर तक के पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने भी कार्रवाई करना गवारा नहीं समझा था।
उधर, रविवार को सीओ धामपुर इंदु सिद्धार्थ ने थानाध्यक्ष आशीष कुमार तोमर को साथ लेकर मिट्टी उठने वाले स्थान का निरीक्षण किया। सीओ धामपुर इंदु सिद्धार्थ ने बताया कि वे मिट्टी खुदान क्षेत्र का निरीक्षण करने आई हैं। जिसकी जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।