बिजनौर में नामांकन कराने जाते स्योहारा तृतीय से भाजपा प्रत्याशी आयुष चौहान।
- फोटो : BIJNOR
नहीं हुआ कोरोना की गाइड लाइन का पालन
बिजनौर/किरतपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में नामांकन के आखिरी दिन खूब भीड़ रही। नामांकन केंद्रों के बाहर दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रही। नामांकन केंद्रों समेत खाने पीने की दुकानों पर कोरोना की गाइडलाइन का पालन नहीं हुआ। केंद्रों पर लोग बिना मास्क लगाएं समूहों में घूमते रहे।
नामांकन का आठ अप्रैल दूसरा व आखिरी दिन था। कुछ ब्लॉक में पहले दिन के मुकाबले कम लोग नामांकन कराने आए थे, जबकि कई जगह नामांकन कराने को मारामारी रही। प्रधान का नामांकन कराने वाले सबसे अधिक लोग थे। सोशल डिस्टेंसिंग की किसी ने परवाह नहीं की। ग्राम पंचायत सदस्य पदों पर काफी कम नामांकन पत्र दाखिल हुए। माना जा रहा है कि ग्राम पंचायत सदस्य के पद खाली रह सकते हैं। सीडीओ केपी सिंह ने बताया कि नामांकन पत्रों के दाखिल होने का काम पूरा हो गया है। नौ अप्रैल व दस अप्रैल को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक नामांकन पत्र की जांच होगी। 11 अप्रैल को सुबह आठ बजे से शाम तीन बजे तक नाम वापस हो सकेंगे। 11 अप्रैल को ही शाम तीन बजे से प्रतीक आवंटित होंगे।
किरतपुर में भी बृहस्पतिवार सुबह से प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। दूसरे दिन प्रधान पद पर अनारक्षित सात, आरक्षित पद पर एक तथा बीडीसी के लिए कुल 199 एवं ग्राम पंचायत सदस्य 16 ने पर्चा दाखिल किया।