मंडलायुक्त ने किया जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण
बिजनौर। मंडल आयुक्त आंजनेय कुमार ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में सफाई की व्यवस्था सुदृढ़ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कोविड एल-02 विंग का भी निरीक्षण किया और सीएमओ को निर्देश दिए कि इमरजेंसी की हालत में मरीजों की स्थिति से अवगत रहने के लिए वार्ड के मुख्य द्वार पर इंटरकॉम की व्यवस्था करें और किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर न आने दें।
मंडलायुक्त ने आईसोलेशन वार्ड का निरीक्षण करते हुए निर्देशित किया कि वेंटीलेटर, ऑक्सीजन सहित सभी आवश्यक उपकरण एवं व्यवस्थाएं रखें। उन्होंने निर्देश दिए कि जनरल वार्ड में तीमारदारों की भीड़ पर नियंत्रण करें। किसी भी अवस्था में बुजुर्ग अथवा बच्चे को अस्पताल में मरीज के पास आने की अनुमति न दी जाए। उन्होंने मेडिकल स्टाफ एवं मरीजों को मास्क का प्रयोग करने तथा ओपीडी में मरीजों के लिए भी मास्क की अनिवार्यता करें। इस अवसर पर जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय, सीडीओ केपी सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व अवधेश कुमार मिश्रा़, सीएमओ विजय कुमार यादव, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी हीरेंद्र आदि अधिकारी मौजूद रहे।