धामपुर। वरिष्ठ नागरिक सेवा समिति के कार्यकर्ताओं ने उप जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर स्योहारा पुलिस के खिलाफ धरना दिया। सीओ को ज्ञापन देकर सांड़ की मौत के मामले में सदाफल के किसान नागेंद्र सिंह चौहान के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को निरस्त करने की मांग की।
मंगलवार को कार्यकर्ताओं को साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचे तहसील अध्यक्ष हरिराज सिंह जाट ने कहा कि पुलिस किसानों का उत्पीड़न कर रही है। पिछले दिनों स्योहारा थाना क्षेत्र के गांव सदाफल निवासी किसान नागेंद्र चौहान को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान कर दिया। बताया कि जब किसान बैल-बुग्गी लेकर खेतों पर जा रहा था तो इस दौरान सांड़ ने उसके बैलों पर हमला कर दिया। उन्हें बचाने के लिए जैसे ही किसान ने बरछी से सांड़ पर हमला किया तो सांड़ की मौत हो गई। उन्होंने प्राथमिकी निरस्त करने की मांग की है। रणजीत सिंह चौहान ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई संगठन बर्दाश्त नहीं करेगा। धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन देने वालों में रामकुमार सिंह, डाॅ. जगदीश सिंह, हेमराज सिंह, प्रेमराज सिंह, मास्टर राम सिंह, राजेंद्र सिंह, विजय सिंह, महेश कुमार, कन्हैया सिंह, पंडित रामेश्वर प्रसाद शर्मा, मुन्ना सिंह, मास्टर संतोष कुमार आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।