फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धनतेरस पर चमका बाजार, 275 करोड़ का हुआ कारोबार

Tue, 06 Nov 2018 12:43 AM IST
अमर उजाला/बिजनौर
विज्ञापन
बिजनौर में धनतेरस में बर्तन खरीदने के लिए उमड़ी भीड़। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
बिजनौर में  धनतेरस पर बाजार में धन की खूब बरसात हुई। जिले में ट्रैक्टरों, बाइकों की खूब बिक्री हुई। चौपहिया गाड़ियों की पहले से ज्यादा बिक्री हुई। ऑटो मोबाइल के शोरूम पर दिन भर उपभोक्ता जमे रहे। व्यापारी नेता मनोज कुच्छल का कहना है िक जिले भर में 275 करोड़ से ज्यादा का व्यापार होने का अनुमान है। इलेक्ट्रानिक आइटम के अलावा मिट्टी के दीपक भी उपभोक्ताओं ने खूब खरीदे। बुलेट की इतनी बिक्री हुई की डिलीवरी करने के लिए बाइक कम पड़ गईं। उपभोक्ताओं ने ऑनलाइन भी जमकर शॉपिंग की।
विज्ञापन

धन तेरस को कैश करने के लिए एक दिन पहले से ही बाजार में व्यापारियों ने पूरी तैयारी कर ली थी। रात को ही दुकानों को सजाया गया था। धनतेरस पर सोमवार को सुबह से ही बाजारों में उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। ऑटो मोबाइल के शोरूम से लेकर मिट्टी के दीपक, बर्तनों के फड़ आदि पर भी उपभोक्ता डटे रहे।
सराफ की दुकान पर इस बार   ब्रांडेड मूर्तियां छाई रहीं। पिछले साल सोने, चांदी के सिक्कों की ज्यादा बिक्री हुई थी, लेकिन इस बार ब्रांडेड मूर्तियां ज्यादा बिकीं। मुख्य बाजार में कोई ऐसी दुकान नहीं बची जहां पर उपभोक्ताओं की भीड़ न रही हो। टीवी, फ्रीज, मोबाइल से लेकर सोने-चांदी के आभूषणों और सिक्कों, वाहनों आदि की दुकानों, एजेंसी पर उपभोक्ता जमे रहे। बर्तनों की दुकानों पर सामान खरीदने के लिए उपभोक्ताओं के बीच मारामारी सी मची रही।  किरतपुर में धनतेरस पर बाजार में खूब रौनक रही। बर्तनों की दुकान में सुबह से देर रात तक खरीदारी की जाती रही। सराफा बाजार में चांदी के सिक्कों की भारी बिक्री हुई।
विज्ञापन


खूब बिकीं बाइक, ट्रैक्टर और कार
बाइकों की बिक्री ने इस साल सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। सुबह को बाइकों के शोरूम पर भीड़ थोड़ी कम थी, लेकिन दोपहर होते होते शोरूम पर भीड़ बहुत बढ़ गई। बाइकों के अलावा उपभोक्ताओं ने स्कूटी की भी जमकर खरीदारी की। जिले भर में 500 से ज्यादा स्कूटी बिकी हैं। गन्ना का शत प्रतिशत भुगतान न होने के बाद भी किसानों ने बाजार को निराश नहीं किया। व्यापारी मान रहे थे कि इस बार बाजार में ट्रैक्टरों की बिक्री कम होगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। जिले भर में 250 से कुछ ज्यादा ट्रैक्टर बिके हैं। पिछले साल ट्रैक्टरों की बिक्री 250 के आसपास थी। चौपहिया गाड़ियों की भी खूब बिक्री हुई। तिरुपति व्हीकल्स से 25, शाकुंभरी एजेंसी से 80, चौधरी एजेंसी से 35, शशिबाला ऑटोमोबाइल से 15 कार बिकीं। करीब 225 गाड़ी बिकने का अनुमान है। धन तेरस पर   करीब 350 बुलेट बिकीं। धनतेरस पर बुलेट लेने के लिए उपभोक्ताओं ने तीन महीने पहले से ही ऑर्डर   देने शुरू कर दिए थे। हाल ये रहा कि बुलेट की  एजेंसी में कमी पड़ गई। शाम के बाद एडवांस    बुकिंग वालों को ही बुलेट दी गईं।

ऑनलाइन शॉपिंग ने बिगाड़ा बाजार का खेल : कुच्छल
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल   जिलाध्यक्ष मनोज कुच्छल के अनुसार बाजार में अच्छी बिक्री हुई। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रानिक्स के बाजार में थोड़ी मंदी रही। अब उपभोक्ता ऑनलाइन शॉपिंग पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। अब व्यापारी इस ओर ध्यान देंगे। सभी पर्व बाजार में आकर खरीदारी करने के हैं। कहा कि उपभोक्ताओं ने व्यापारियों को निराश नहीं किया, लेकिन अगर ऑन लाइन शॉपिंग पर रोक नहीं लगाई गई तो यह आगे व्यापारियों के लिए समस्या बन जाएगी। व्यापारियों का कहना है कि ऑनलाइन शॉपिंग से कारोबार प्रभावित हुआ है।

सराफा बाजार में भी उछाल
धनतेरस पर इस बार सोने का रेट पिछले साल से ज्यादा है। इससे बाजार में कम भीड़ आने की आशंका जताई जा रही थी। लेकिन बाजार में    उमड़ी भीड़ ने इस बार सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए।     सोने चांदी के सिक्कों की जमकर खरीदारी की। सबसे ज्यादा बिक्री ब्रांडेड मूर्तियों की हुई। सराफा कारोबारी विकास अग्रवाल व अतुल अग्रवाल के मुताबिक धन तेरस पर बहुत अच्छी बिक्री हुई। ग्राहकों ने जमकर खरीदारी की है। सुबह से ही दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी।

आयुर्वेद चिकित्सकों ने भगवान धन्वंतरी का पूजन किया
नजीबाबाद। धनतेरस पर बाजारों में सवेरे से ही रौनक रही। लोगों ने जमकर आभूूषण और बर्तनों की खरीदारी की। वहीं, आयुर्वेद चिकित्सक कल्याण समिति ने भगवान धन्वंतरी की जयंती श्रद्धा के साथ मनाई। चिकित्सकों ने भगवान का पूजन कर उन्हें नमन किया। दीपावली की खरीदारी में धनतेरस पर लोगों ने घरेलू सामान और बर्तनों की जमकर खरीदारी की। बर्तनों को खरीदने का शुुभ मुहूर्त न टल जाए इस होड़ में बाजारों में सवेरे से ही चहल-पहल रही। आभूषण, इलेक्ट्रानिक्स शोरूम पर भी खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। दुपहिया वाहनों के प्रतिष्ठानों से भी खरीदारी की गई। वहीं, आयुर्वेद के जनक एवं शल्य चिकित्सक भगवान धनवंतरी की जयंती पर आयुर्वेद चिकित्सक कल्याण समिति ने संगोष्ठी आयोजित की। अध्यक्ष डॉ. धर्मवीर सिंह चौहान, महामंत्री डॉ. करण सिंह प्रजापति, डॉ. इक्तदार अहमद, जयंत शर्मा, धर्मपाल सिंह, डॉ. भानु प्रताप सिंह, डॉ. दक्ष कुमार ने भगवान धनवंतरी द्वारा दुनिया को दी गई आयुर्वेद चिकित्सा का महान देन बताते हुए उनके चित्र पर माल्यार्पण किया। चिकित्सकों ने स्वास्थ्य ही धन है संकल्प के साथ भगवान धनवंतरी की आयुर्वेद चिकित्सा का लाभ जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। सुरक्षा की दृष्टि से बाजारों में पुलिस बल तैनात रहा। ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें