चांदपुर। कस्बे के स्याऊ मार्ग स्थित महिमा सेल्स कॉरपोरेशन पर मंगलवार को डीजीजीआई गाजियाबाद की टीम द्वारा छापा मारा गया। फर्म के अंदर एक और फर्म संचालित थी। टीम ने फर्म में पहुंचकर घंटों तक बिल, दस्तावेजों की गहन जांच- पड़ताल की।
जानकारी के अनुसार फर्म के पास कई कंपनियों की तेल, बिस्कुट, अचार, कॉस्मेटिक, कॉफी सहित अन्य सामग्री की एजेंसियां हैं। मंगलवार सुबह अचानक डीजीजीआई की टीम फर्म पर जांच के लिए पहुंची तो व्यापारिक क्षेत्र में खलबली मच गई। करीब पांच घंटे तक टीम ने फर्म में मौजूद सभी दस्तावेज, बिल आदि की जांच की। इस कार्रवाई की भनक लगते ही आसपास के व्यापारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली।
बताया जा रहा है कि टीम व्यापारी को बिजनौर में बयान दर्ज कराने की बात कहकर अपने साथ ले गई। टीम द्वारा इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।