किरतपुर। गांव भगवानपुर के जंगल में स्थित एक कुएं में गुलदार का शावक गिर गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने करीब 12 घंटे की मशक्कत के बाद शावक को कुएं से निकाल लिया। वनकर्मियों ने ड्रोन कैमरों से शावक की मां की तलाश की और उसे उसके पास छोड़ दिया। बाद में मादा गुलदार शावक को लेकर खेतों में चली गई।
मंगलवार की सुबह गांव निवासी केशव शरण राजपूत के कुएं के आसपास ग्रामीणों ने मादा गुलदार को गुर्राते देखा तो वे डर गए। कुछ देर बाद मादा गुलदार वहां से चली गई। हिम्मत करके एक दो ग्रामीण कुएं तक पहुंचे तो उन्होंने गुलदार के शावक को कुएं में गिरा देखा। सूचना पर क्षेत्रीय वन अधिकारी नजीबाबाद राम कुमार, डिप्टी रेंजर नीतेश कुमार, वनरक्षक दीपक कुमार मौके पर पहुंचे और गुलदार के शावक को जाल डालकर कुएं से बाहर निकालने का प्रयास किया। दिन भर की मशक्कत के बाद शावक को बाहर निकाला जा सका। डिप्टी रेंजर नीतेश कुमार ने बताया कि घटना के बाद मादा गुलदार हिंसक हो सकती है।
रात के समय वह इसी स्थान पर आ सकती है। उन्होंने बताया कि गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया है। उसे पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।