देव बने धामपुर विद्या मंदिर छात्र संसद के प्रधानमंत्री
धामपुर। रामगोपाल रामचंद्र सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में छात्र संसद का चुनाव संपन्न हुआ। पिछले वर्ष के प्रधानमंत्री कक्षा 11 के छात्र देव कुमार संसद के पुन: प्रधानमंत्री निर्वाचित किए गए।
पर्व कुमार कक्षा नौ उपप्रधानमंत्री, मयंक चौहान कक्षा 11 सेनापति, हर्ष धीमान कक्षा आठ उपसेनापति तथा पार्थ पाठक नेता प्रतिपक्ष चुने गए। चुनाव प्रक्रिया चार चरणों में पूरी हुई। प्रथम चरण में चुनाव आयोग ने चुनाव की अधिसूचना जारी कर उम्मीदवारों से अभिभावकों के हस्ताक्षर युक्त प्रार्थनापत्र लेकर प्रत्येक कक्षा वर्ग से गुप्त मतदान द्वारा दो-दो छात्र सांसदों का चुनाव कराया। द्वितीय चरण में चयनित छात्र सांसदों में से प्रधानमंत्री पद के लिए छह उम्मीदवारों ने भाषण व सामान्य ज्ञान की लिखित परीक्षा में भाग लिया। तृतीय चरण में प्रधानमंत्री पद हेतु छात्र सांसदों द्वारा मतपत्रों के माध्यम से मतदान किया गया। तीनों चरणों की चुनाव प्रक्रिया के परिणामस्वरूप प्रधानमंत्री का चुनाव किया गया।
चतुर्थ चरण में चयनित प्रधानमंत्री, मंत्रिमंडल एवं छात्र सांसदों को पद व गोपनीयता की समारोह पूर्वक शपथ दिलाई गई। विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य कावेंद्र सिंह ने शपथ दिलाई। सदन को उनके कर्तव्यों व अधिकारों के बारे में समझाया। इस अवसर पर छात्र सांसद प्रमुख आचार्य रामजी पांडेय, विनय कुमार शर्मा, सुधीर कुमार सक्सेना, रामानंद दयाशंकर दूबे, ओमेंद्र शर्मा, हरिनाराण शर्मा, कृष्णवीर सिंह निर्णायक मंडल में रहे।