ज्ञापन देने जाते अभाविप कार्यकता व अभिभावक संघ सदस्य।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में अभिभावक संघ व अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने सीबीएसई व आईसीएसई स्कूलों में की जा रही अवैध फीस वसूली व कमीशनखोरी के विरोध में बांह पर काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। कलक्ट्रेट में सीएम के नाम एक मांग पत्र अतिरिक्त मजिस्ट्रेट शिशिर कुमार को सौंपा गया।
शिक्षा सत्र शुरू होते ही इस बार कान्वेेंट स्कूलों के खिलाफ लोग एकजुट हो गए हैं। मंगलवार को अभिभावक संघ व अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बैनर तले अभिभावक नुमाइश ग्राउंड में एकत्रित हुए। नृपेंद्र देशवाल के नेतृत्व में बांह पर काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन करते हुए अभिभावक कलक्ट्रेट पहुंचे।
यहां प्रदेश के सीएम के नाम दिए गए मांग पत्र में आईसीएसई व सीबीएसई स्कूलों पर अभिभावकों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया गया है।पत्र में सेंटमेरी स्कूल, सेंट जोसेफ व रहीमिया पब्लिक स्कूल में अभिभावकों का उत्पीड़न होने की बात कही गई है।
कहा गया है कि स्कूल प्रबंधन प्रशासन पर हावी हैं। स्कूलों द्वारा अवैध रूप से फीस वसूली की गई है, पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। अभिभावकों ने कमीशनखोरी बंद होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।
इस मौके पर सरिता सैनी, अभिषेक वत्स, मोहित राजपूत, रोबिन चौधरी, दीक्षित गहलौत, ऋषभ काकरान, शशिकांत बालियान, अक्षय देशवॉल, शिवम राणा सहित अभिभावक मौजूद रहे।