बिजनौर में गन्ना भुगतान के मामले में डीसीओ से वार्ता करते रालोद कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में रालोद पदाधिकारियों ने बकाया गन्ना भुगतान के लिए डीसीओ ओपी सिंह से मुलाकात कर समस्या के समाधान की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि बकाया भुगतान नहीं मिलने से किसानों को काफी संकट के दौर से गुजरना पड़ रहा है। पदाधिकारियों ने डीसीओ को बताया कि भुगतान नहीं होने से किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिन चीनी मिलों ने 230 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भी भुगतान नहीं किया है, उनसे भुगतान कराने तथा शेष चीनी मिलों का 50 से 60 रुपये प्रति क्विंटल की दर से रूका भुगतान भी दिलाने की मांग की गई। इस दौरान जिलाध्यक्ष हरपाल सिंह, प्रदेश महासचिव राहुल सिंह व मुनिदेव शर्मा, चंद्रपाल वाल्मीकि, महिला जिलाध्यक्ष पूनम चौधरी, अशोक चौधरी आदि मौजूद रहे।
बिलाई चीनी मिल पर किया हंगामा
हल्दौर(ब्यूरो)। बकाया गन्ना मूल्य भुगतान की मांग को लेकर भाकियू ने बिलाई शुगर मिल के अधिकारियों का घेराव कर हंगामा किया। 15 जून तक गन्ने का भुगतान मिलने के आश्वासन पर किसानों का गुस्सा शांत हुआ।
बृहस्पतिवार की सुबह 11 बजे भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष रामोतार की अगुवाई में कार्यकर्ता बिलाई शुगर मिल पर पहुंचे। किसानों ने जीएम केन अनिल चौहान व जीएम हेड अजय कुमार शर्मा के कार्यालयों का घेराव कर जमकर हंगामा किया। जिलाध्यक्ष रामोतार सिंह का कहना था कि किसानों के सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है। किसान कर्ज में डूबने लगे हैं। आक्रोशित किसानों ने दोनों अधिकारियों को खरीखोटी सुनाई। अधिकारियों ने किसानों से 230 रुपये प्रति क्विंटल गन्ने का भाव का भुगतान आगामी 15 जून तक कराने व शेष 50 रुपये का भुगतान 15 जून के बाद कराने का आश्वासन दिया। संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष धर्मवीर सिंह धनकड़, रावेंद्र चिकारा, धर्मेंद्र राणा, ब्लाक अध्यक्ष प्रमोद कुमार आदि रहे।
द्वारिकेश शुगर मिल पहुंचे किसान
अफजलगढ़/चांदपुर में भाकियू ने द्वारिकेश शुगर मिल प्रबंधन से बकाया भुगतान न होने पर रोष जताया। बृहस्पतिवार को ब्लॉक अध्यक्ष दर्शन सिंह फौजी के नेतृत्व में किसानों का प्रतिनिधिमंडल मिल प्रबंधन से मिला। भाकियू प्रतिनिधिमंडल ने सहायक गन्ना महाप्रबंधक अजय ढाका को दिए ज्ञापन में कहा कि कई माह बीतने पर भी 50 रुपये बकाया का भुगतान नहीं कराया गया है। उन्होंने गन्ना सर्वे में पैड़ी का सर्वे न होने पर रोष जताया। आरोप है कि मिल प्रबंधन किसानों को गुमराह कर पैड़ी का सर्वे नहीं करा रहा है। किसानों ने मिल प्रबंधन से गन्ने का सर्वे दुबारा करने की मांग की। मुख्तियार सिंह, भूपेंद्र सिंह, दयाल सिंह, हरदेव सिंह आदि मौजूद रहे। बैठक में गन्ना समिति सचिव प्रकाश वीर सिंह रहे। वहीं चांदपुर में भाकियू कार्यकर्ताओं ने शुगर मिल के सीजीएम और एसडीएम को अलग-अलग दिए ज्ञापन में गन्ना भुगतान कराने और विद्युत आपूर्ति में सुधार किए जाने की मांग की है। वहीं भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को चढ्ढा शुगर मिल के सीजीएम को दिए ज्ञापन में वर्ष 2015-16 का समस्त गन्ना भुगतान तुरंत कराने की मांग की। इस मौके पर कुलदीप सिंह, रामपाल सिंह, शेर सिंह, राजेंद्र सिंह, शीशपाल सिंह आदि मौजूद रहे।