लावारिस गोवंश को गोशालाओं में बंद करने की मांग
धामपुर। भाकियू कार्यकर्ताओं ने चेताया है कि प्रशासन ने जल्द ही लावारिस गौवंश को पकड़ कर गोशालाओं में नहीं छोड़ा तो कार्यकर्ता उन्हें पकड़ कर एसडीएम कार्यालय में बांधेंगे।
भारतीय किसान यूनियन धामपुर तहसील अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, गजेंद्र सिंह टिकैत, हरिराज सिंह जाट, महेंद्र सिंह का कहना है कि खेतों में बड़ी संख्या में आवारा गोवंश पशु विचरण कर रहे हैं। जिससे उनकी फसलें बर्बाद हो रही हैं। जबकि मुख्यमंत्री का आदेश है कि आवारा गोवंश को गोशाला में रखा जाए। लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। शिकायत करने के बाद भी एसडीएम, खंड विकास अधिकारी और सचिव ध्यान नहीं दे रहे हैं। चेताया कि इन पशुओं को पकड़ कर गोशाला में बंद नहीं किया गया, तो वह उप जिलाधिकारी कार्यालय में इन पशुओं को बांधेंगे।
एसडीएम विजय वर्धन तोमर का कहना है कि उनके द्वारा विकास विभाग के अधिकारियों को और अधिशासी अधिकारियों को इसके लिए निर्देशित कर दिया गया है। तहसील अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की वादाखिलाफी को लेकर 31 जनवरी को तहसील मेें होने वाले आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।