नए कृषि कानून को निरस्त करने की मांग
धामपुर। भाकियू लोकशक्ति (अराजनैतिक) के कार्यकर्ताओं ने सरकार द्वारा पारित कृषि कानूनका विरोध कर प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री के नाम प्रेषित पांच सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम धीरेंद्र सिंह को सौंपा।
ब्लॉक अध्यक्ष अरुण कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ता सोमवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। उन्होंने किसानों के हितों की रक्षा को लेकर विधेयक की मांग उठाई। किसान विरोधी पारित किए कृषि कानून को निरस्त करने की मांग की। किसानों ने समर्थन मूल्य से नीचे किसानों की फसलों को खरीदने वालों के लाइसेंसों को जब्त कर उनके खिलाफ कार्रवाई को कानून बनाने, आवश्यक वस्तुओं का अनावश्यक रूप से भंडारण करने वालों पर कार्रवाई करने की मांग की। इसके अलावा किसानों की फसलों का दाम 15 दिन में देने की कानूनी व्यवस्था करने, साथ ही देरी होने अथवा भुगतान रोकने वालों को अपराधी घोषित कर उन पर सख्ती कार्रवाई करने को कानून बनाने की मांग की। किसानों का सरकारी खर्च पर दस लाख रुपये का बीमा करने, किसानों के बच्चों के लिए स्कूलों, कालेजों, विश्वविद्यालय आदि शिक्षण संस्थानों में सीटें रिजर्व करने की मांग उठाई। ज्ञापन देने वालों में जिला प्रभारी घनश्याम सिंह, ब्लॉक उपाध्यक्ष आदित्यवीर सिंह, परवेंद्र सिंह, गजवीर सिंह, राजेंद्र सिंह, रामगोपाल सिंह, विरेंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह, नरेश कुमार, लोकेंद्र कुमार, जयपाल सिंह रहे।