नजीबाबाद। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने फसलों का उचित दाम दिलवाने तथा ग्रामीण क्षेत्र के जंगल से गुलदार को पकड़वाने की मांग की।
भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति की मासिक पंचायत राष्ट्रीय महासचिव पद्म सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। पद्म सिंह ने कहा कि सरकार और चीनी मिल मालिक किसानों का शोषण कर रहें हैं। किसानों को उनकी फसल का उचित दाम नहीं मिल रहा। किसानों ने ग्रामीण क्षेत्र में गुुलदार के आतंक मचाने के बावजूद वन विभाग द्वारा उचित कार्रवाई न किए जाने पर रोष व्यक्त किया। किसानों ने एसडीएम संगीता को ज्ञापन सौंपकर गन्ने का बकाया समस्त भुगतान दिलाने, चालू सत्र में गन्ने का भुगतान 14 दिनों के भीतर कराने, स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू कराने, किसानों को 24 घंटे विद्युत उपलब्ध कराने, बिजली की बढ़ी दरों को वापस लेने, 60 वर्ष आयु के किसान-मजदूरों को 10 हजार रुपये मासिक पेंशन देने, नांगल-चंदक नहर पटरी मार्ग पक्का करवाने, जंगली जानवरों से किसानों की फसलों की सुरक्षा व्यवस्था कराने और जंगल क्षेत्र में पिंजरा लगाकर आदमखोर गुलदार को शीघ्र पकड़वाने की मांग की। पंचायत के दौरान जिलाध्यक्ष चौधरी वीर सिंह के पिता के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर किसानों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
जिला प्रभारी शीशपाल सिंह के संचालन में पंचायत में गजराज सिंह, अल्ताफ, विकास, विपिन, अंकित, अरविंद, जोगेंद्र सिंह, कमल सिंह, संजीव त्यागी, दिनेश, विजयपाल सिंह, गोविंद सिंह, दिनेश, नूरजहां, मकसूद, शहजाद सहित अनेक किसान मौजूद रहे।