बिजनौर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष गय्यूर आसिफ के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल बृहस्पतिवार को जिला विद्यालय निरीक्षक जयकरन यादव से मिला। शिक्षकों ने जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र लिखकर शीतलहर के दृष्टिगत परिषदीय विद्यालयों की भांति इंटर कॉलेजों में संचालित कक्षा 1 से 8 तक के छात्र-छात्राओं के लिए अवकाश की मांग की।
इसके अतिरिक्त चयन वेतनमान, प्रोन्नत वेतनमान संस्तुति के प्रकरणों को भी शीघ्र निस्तारित करने की भी मांग जिला विद्यालय निरीक्षक से की। जिला मंत्री विनोद कुमार ने पोर्टल पर जनपद के शिक्षकों के अर्जित अवकाश की प्रविष्टि समय से करने का मुद्दा भी उठाया। कहा कि जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से ही पटल सहायक के माध्यम से शिक्षकों के अर्जित अवकाश का लेखा अपडेट कराया जाए, जिन शिक्षकों के अवकाश लेखा में त्रुटि है, उसको संशोधित कराया जाए। साथ ही पदाधिकारियों ने यह भी मांग की कि विभिन्न पटल सहायकों के पास लंबित विभिन्न प्रकरणों में अनावश्यक रूप से आपत्ति लगाकर विघ्न उत्पन्न बिल्कुल न किया जाए।
उधर, जिला विद्यालय निरीक्षक जयकरन यादव ने सकारात्मक एवं सहानुभूति पूर्वक विचार कर सभी प्रकरणों को शीघ्र निस्तारित करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधि मंडल में विनोद कुमार, मनोज यादव, सुधांशु कुमार वत्स, सुभाष बाबू राजपूत, तेजपाल सिंह, भूपेंद्र कुमार, सुधीर कुमार सम्मिलित रहे।