सरकार से गरीबों के पैसे वापस कराने की मांग
बिजनौर। कांग्रेस जिलाध्यक्ष शेरबाज पठान ने कहा कि प्रदेश में लंबे समय से फर्जी कंपनी निवेश में लाभ का लालच देकर उपभोक्ताओं से ठगी कर रही है। मध्यम और गरीब वर्ग के इसमें लगाए गए रुपये डूब गए हैं। भाजपा सरकार ने अब तक इन कंपनियों का संज्ञान नहीं लिया है।
पार्टी कार्यालय पर प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष शेरबाज पठान ने कहा कि मध्यम व गरीब लोग पेट काटकर बच्चों की पढ़ाई, शादी व मकान के लिए पैसा इकट्ठा करता है और इस पैसे को इस तरह की निजी कंपनी डकार जाती हैं। इन कंपनी के फर्जीवाड़े की चपेट में प्रदेश के लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। सबका साथ सबका विकास वाली भाजपा सरकार द्वारा इस पर अभी तक कोई संज्ञान नहीं लिया गया है। यहां तक कि प्रदेश सरकार के पास इस फर्जीवाड़े में उत्तर प्रदेश के कितने लोगों के पैसे फंसे हुए हैं इसकी सूची तक उपलब्ध नहीं है।
कहा कि पूरे प्रदेश में पैसा डकारने वाली इन कंपनी में जिले के लोगों ने भी भारी संख्या में पैसा लगाया है। बाजार नियामक सेबी के निर्देश के बाद भी ऊंट के मुंह में जीरे वाली रकम ही इन कंपनी ने लौटाई है। उन्होंने सरकार से यह पैसा वापस कराने की मांग की है। इसके लिए चार जनवरी को जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष मुनीश त्यागी, जिला महासचिव नजाकत अल्वी, सपना रवि, अदनान शेख आदि मौजूद रहे।