नजीबाबाद। मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम निर्माण संघर्ष समिति के संयोजक जफर जैदी ने ढाई दशक बाद भी स्टेडियम निर्माण की बाधाएं दूर न होने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने डीएम से स्टेडियम निर्माण बाधाएं दूर कराने की मांग की है।
मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम निर्माण संघर्ष समिति के संयोजक जफर जैदी, जितेंद्र जैन सहित समिति सदस्यों ने करीब ढाई दशक से नजीबाबाद में मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम के निर्माण की बाधाएं दूर न होने पर रोष व्यक्त किया है। संघर्ष समिति ने कहा कि पूरे देश में खेलो इंडिया खेलो की धूम है। स्टेडियम न होने से नजीबाबाद क्षेत्र की प्रतिभाएं खेलों के अभ्यास से वंचित हैं। नगर में राजकीय इंटर कॉलेज के रोडवेज के निकट स्थित स्टेब्स ग्राउंड पर मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम निर्माण कराने की कवायद लगभग ढाई दशक पूर्व शुरू हुई थी। विधायक और सांसद निधि से बाउंड्रीवाल और मिट्टी भरान जैसे कार्य पूरे होने के बावजूद स्टेडियम निर्माण का मुद्दा अधर में लटका हुआ है। समिति के संयोजक जफर जैदी ने प्रशासन और जीआईसी प्रबंध समिति से स्टेडियम निर्माण की बाधाएं दूर कर स्टेडियम निर्माण की फाइल शासन तक पहुंचाने की मांग की है।