बिजनौर में बैराज रोड पर लगा जाम।
- फोटो : BIJNOR
17 घंटे तक दिल्ली पौड़ी हाईवे जाम
बिजनौर। दिल्ली पौड़ी हाईवे पर आए दिन जरा भी हादसा होने से जाम लग जाता है। मंगलवार को बैराज मार्ग पर गांव जीवनपुरी के पास दो ट्रक भिड़ने से पलट गए। जिससे 17 घंटे तक लगे जाम के दौरान वाहन रेंगते रहे। बिजनौर से लेकर मीरापुर तक जाम लगने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
दिल्ली पौड़ी हाईवे पर जरा सा कोई हादसा होने पर जाम लग जाता है। ये समस्या आए दिन हो रही है। सड़क व उसके आसपास से दुर्घनाग्रस्त वाहनों को जल्द उठाया नहीं जाता। सड़क पर वाहन निकलने को जगह नहीं रहती। जिससे लंबा जाम लग जाता है। मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे बैराज मार्ग पर गांव जीवनपुरी के पास पुल पर दो ट्रक आपस में भिड़कर पलट गए। ओवरटेक करके वाहनों को दौड़ाने वालों ने जाम लगा दिया। रात भर बिजनौर से लेकर मीरापुर तक जाम जस की तस बनी रही। जाम से लोग परेशान रहे। जाम की वजह से वाहनों की लंबी लाइन लग गई। पुलिस ने कई बार रात में जाम खुलवाने की कोशिश की नाकाम रहे। बुधवार सुबह तक जाम लगा रहा। बुधवार को मेरठ, दिल्ली, गाजियाबाद जाने वाले व्यापारी जाम को देख वापिस लौट आए। ये व्यापारी वाया चांदपुर गजरौला होकर दिल्ली व मेरठ गए। बिजनौर व रामराज पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बुधवार को दिन में करीब 12 बजे जाम खुलवाया। दीपावली व अन्य त्योहारों के लिए बुधवार को साप्ताहिक बंदी में व्यापारी दिल्ली व अन्य जगह से सामान लेने जा रहे थे। तमाम व्यापारी जाम में फंस गए। कुछ जाम को देखकर पहले ही दूसरे मार्ग से चले गए।