स्योहारा। डिजिटल भुगतान पर प्रस्तावित यूपीआई एमडीआर शुल्क को 15 अक्तूबर 2026 से लागू करने का फैसला फिलहाल स्थगित किए जाने का व्यापारियों ने स्वागत किया है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल एवं भारतीय उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार के प्रति आभार जताते हुए शुल्क को पूरी तरह समाप्त करने की मांग उठाई है।
जुमेरात बाजार स्थित एक प्रतिष्ठान पर आयोजित प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण कुमार वर्मा ने कहा कि नवरात्र और दिवाली का समय व्यापार के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होता है। इन दिनों बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने के साथ डिजिटल भुगतान का इस्तेमाल भी बड़े पैमाने पर होता है। ऐसे समय में यूपीआई भुगतान पर अतिरिक्त शुल्क लगाने से छोटे दुकानदारों, व्यापारियों और ग्राहकों पर आर्थिक बोझ पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि शुल्क स्थगित होने से व्यापारियों को राहत मिली है, लेकिन इसे केवल कुछ समय के लिए टालना पर्याप्त नहीं है। सरकार को प्रस्तावित एमडीआर शुल्क पूरी तरह वापस लेकर भविष्य में भी इसे लागू नहीं करने का निर्णय लेना चाहिए, ताकि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के साथ छोटे कारोबारियों के हितों की भी रक्षा हो सके।