पांच लाख दीये मुफ्त बंटवाने का निर्णय
बिजनौर। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए हो रहे भूमि पूजन को कुछ लोग खास बनाने में लगे हैं। ऐसी ही शुरुआत भाजपा विधायक सुचि मौसम चौधरी व उनके पति भाजपा नेता ऐश्वर्य चौधरी ने की है। विधायक द्वारा पांच अगस्त को 20 गांवों में हाईमास्क लाइट का शुभारंभ किया जाएगा तो ऐश्वर्य चौधरी पांच लाख दीये मुफ्त बंटवा रहे हैं। हर महीने की पहली तारीख को अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए बुजुर्गों के लिए नि:शुल्क बस भी चलाई जाएगी।
श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए पांच अगस्त को भूमि पूजन होगा। पूरे जिले का वातावरण भी राममय बनाने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा विधायक सुचि मौसम चौधरी ने इस मौके पर उनकी निधि से लगाई गई 20 हाईमास्क लाइट का शुभारंभ करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा ऐश्वर्य चौधरी ने इस मौके पर पांच लाख दीये मुफ्त बांटने का निर्णय लिया है। हर घर में उन्होंने 21-21 दीये पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए वे अपनी विधानसभा क्षेत्र में नगर पालिका चौक, राम का चौराहा, पुरानी तहसील, रामलीला मैदान चौराहा, गांव छाछरीमोड़, गंज, झालू, मंडावली इंटर कॉलेज, शुगर मिल चौराहा, गांव कड़ा वाजिदपुर व फतेहपुर कला में चार व पांच अगस्त को टेंट लगवाकर मुफ्त दीये बंटवाएंगे।
विधायक सुचि चौधरी।- फोटो : BIJNOR