किसान हितैषी प्रत्याशी को जिताने का लिया निर्णय
बिजनौर। आजाद किसान यूनियन की बैठक में किसान हितैषी प्रत्याशी को जिताने का निर्णय लिया गया। बिलाई मिल का शत प्रतिशत भुगतान एक सप्ताह के अंदर दिलाने की मांग की गई।
गन्ना समिति परिसर में हुई बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने कहा कि किसानों को चुनाव पर नजर रखते हुए उनके लिए संघर्ष करने वाले व्यक्ति को जिताना चाहिए। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने किसानों पर दर्ज निराधार मुकदमे वापस कराने की मांग की। जिलाध्यक्ष धीरज कुमार ने बिलाई मिल द्वारा बकाया भुगतान एक सप्ताह के अंदर न मिलने पर कड़ा रुख अपनाने की बात कही। वक्ताओं ने आवारा पशुओं से निजात दिलाने और गंगा से हुए कटान का मुआवजा दिलाने की मांग की गई। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन ज्वाइंट मजिस्ट्रेट विक्रमादित्य सिंह मलिक को देकर बिलाई मिल से शत प्रतिशत भुगतान दिलाने, निष्क्रिय गोशालाओं को सक्रिय करने, गंगा से कटी जमीनों का मुआवजा दिलाने, किसानों के नलकूपों का शत प्रतिशत बिल माफ करने, किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस कराने की मांग की गई। संचालन जिला महासचिव सतेंद्र राठी ने किया। इस दौरान हाजी शकील, राहुल देशवाल, बाबू नागेंद्र सिंह, राजपाल सिंह, रावेंद्र सिंह, हरवीर सिंह, महेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, राजू पहलवान, सुधीर भड़ाना आदि मौजूद रहे।