शेरकोट में खौ बैराज पर तीन साथियों के साथ नहर में नहाने गए एक बच्चे की पानी में डूबकर मौत हो गई। हादसे के बाद बच्चे के परिवार में कोहराम मच गया।
रविवार दोपहर मोहल्ला निकम्माशाह निवासी सचिन (11) पुत्र नरेंद्र सिंह अपने भाई रवि (12) व दोस्त विक्की (10) के साथ खौ बैराज की पोषक नहर में नहाने के लिए गया था। तीनों नहर में नहा रहे थे। नहाते वक्त अचानक सचिन का पैर गहरे पानी में पहुंच गया। उसे पानी में डूबता देख बच्चों ने शोरशराबा किया। इस पर बैराज के आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों ने बच्चे को नहर से निकालकर धामपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए भेजा, जहां पर चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया गया।
सूचना मिलते ही बच्चे के परिवार में कोहराम मच गया। बसपा विधायक मोहम्मद गाजी ने मृतक बच्चे के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। उधर, एसओ धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि बैराज के बाहर पुलिस की तैनाती रहती है।
बैराज पर सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं
नागरिकों ने बताया कि हर साल पोषक नहर में डूबने से बच्चों की मौत होती है। कई बार नागरिकों ने सिंचाई विभाग से भी बैराज की सुरक्षा को लेकर ज्ञापन दिए। आज तक सिंचाई विभाग की कुंभकर्णी नींद नहीं टूटी। सिंचाई विभाग की लापरवाही का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।