किसान नेता पर जानलेवा हमला, आंदोलन करेगी भाकियू
कोतवाली देहात। भाकियू की युवा विंग के पूर्व जिला अध्यक्ष पर कई युवकों ने हमला कर घायल कर दिया। शोर मचाने पर पहुंचे परिजनों ने एक आरोपी युवक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने ग्राम प्रधान समेत दोनों ओर से पांच-पांच आरोपियों के विरुद्ध जान से मारने की नीयत से फायर करने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर भाकियू ने पुलिस व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी पर आरोपियों से हमसाज होकर झूठा मुकदमा लिखने व फर्जी मेडिकल करने के विरोध में 17 फरवरी को कोतवाली देहात में महापंचायत करने का एलान किया है।
भारतीय किसान यूनियन युवा विंग के पूर्व जिला अध्यक्ष थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव चंदुपुरा नसीब निवासी नितिन सिरोही रविवार रात करीब 9 बजे अपने कुत्ते को घुमाने के लिए निकला था। आरोप है कि जब वह प्राथमिक विद्यालय के सामने पहुंचा तो शराब के नशे में धुत ग्राम प्रधान व उसके चार-पांच साथियों ने जानलेवा हमला बोल दिया, जिसमें नितिन गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन एक आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। घायल को मेडिकल कराने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोतवाली देहात लाया गया। पुलिस ने घायल नितिन सिरोही की तहरीर पर ग्राम प्रधान सचिन समेत पांच आरोपियों के विरुद्ध तथा दूसरे पक्ष की ओर से नितिन सिरोही समेत पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। सूचना पर चौधरी दिगंबर सिंह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोतवाली पहुंचे। उधर, भाकियू ने शीघ्र कार्रवाई न करने पर 17 फरवरी को कोतवाली देहात में महापंचायत का एलान किया है।