बिजनौर। कोतवाली शहर के गांव गढ़ी बगीची के जंगल में शुक्रवार की सुबह एक गुलदार का शव मिला। जब ग्रामीणों ने खेत में शव पड़ा देखा तो वन विभाग को सूचना दी।
वन विभाग की टीम उसे उठाकर इंदिरा पार्क ले आई। वहां इसका पोस्टमार्टम कराया गया। एसडीओ ज्ञान सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम में मौत का कारण संक्रमण आया है। उसके पैर में चोट के कारण संक्रमण हो गया था। गुलदार नर था और उसकी उम्र करीब तीन साल है।
पैजनिया में कुत्तों ने बारहसिंघा के बच्चे को किया घायल : शुक्रवार की सुबह गांव रसूलपुर ढाकी में एक बारहसिंघा के बच्चे को आवारा कुत्तों ने गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसका एक सींग टूट गया। भाजपा नेता जगपाल सिंह, सत्येंद्र सिंह, योगेंद्र सिंह आदि ने कुत्तों को भगाकर बच्चे को छुड़ाया। उसे अपने घेर में बांधकर पशु चिकित्सा अधिकारी नूरपुर विनय कुमार को सूचना दी।
उन्होंने मौके पर पहुंचकर घायल बच्चे का उपचार किया। बाद में वन विभाग की टीम बारहसिंघा के बच्चे को अपने साथ ले गई।