हल्दौर। गांव सुल्तानपुर के जंगल में शहतूत के पेड़ पर एक युवक का लोअर के फंदे लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार शव करीब सात दिन है। मृतक की उम्र लगभग 35 से 36 साल है।
गांव सुल्तानपुर निवासी पूर्व प्रधान महेंद्र सिंह बुधवार को खेतों की सिंचाई के लिए ट्यूबवेल पर गए थे। पास में शहतूत के पेड़ पर उन्हें एक व्यक्ति का शव लटका दिखाई दिया। मृतक के शरीर पर केवल अंडरवियर था। उसके लोअर का फंदा गले में कसा था, जबकि दूसरा सिरा पेड़ से बंधा हुआ था। उसके घुटने जमीन से सटे हुए थे। सूचना पर सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय, थानाध्यक्ष विजेंद्र सिंह राठी, एसआई शेर सिंह, अम्हेड़ा चौकी प्रभारी देवी प्रसाद गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में छानबीन की लेकिन मृतक की पहचान संबंधी कोई जानकारी नहीं मिल सकी। पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सिटी अभय कुमार पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला लग रहा है। शव करीब सात दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद