राहत कार्य के दौरान पुलिस को जेसीबी भी बुलानी पड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में हादसे में जान गंवाने वाली एक साल की मासूम परी का शव सीट के नीचे से उस समय मिला, जब पुलिस कार की तलाशी ले रही थी। अनुमान लगाया जा रहा है कि दुर्घटना के समय वह परिजनों की गोद में सो रही होगी और तभी जबरदस्त दुर्घटना हो गई। मासूम का शव देखकर लोगों का कलेजा मुंह को आ गया।
उधर, हादसे की जांच करने गए एक्सपर्ट वीरेंद्र सिंह के मुताबिक, इनोवा कार रास्ता भटक गई और हादसे वाले मार्ग की ओर दौड़ पड़ी। इसी दौरान सामने से आ रही रोडवेज बस से उसकी भिड़ंत हो गई। गढ़मुक्तेश्वर के एआरएम संदीप अग्रवाल का कहना है कि हादसे के दौरान हल्की बारिश हो रही थी। इसी दौरान इनोवा कार एक बाइक को बचाने में फिसलकर बस से जा टकराई और यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद कार में बिखरी थी खाने-पीने की सामग्री
क्षतिग्रस्त कार में बच्चों के खाने के बिस्किट, ब्रेड, पानी की बोतेलें, आटा, बर्तन बिखरे पड़े थे। पुलिस ने घटनास्थल से मिले फोन के माध्यम से परिजनों को हादसे की सूचना दी तो उनके नाम पता चले।
पहले भी सात की गई थी जान
गौरतलब है कि 29 जून को शेरकोट में स्कॉर्पियों कार में सवार रुड़की के सात लोगों की मौत हो गई थी। ये सभी कार से काशीपुर से एक विवाह समारोह में
शामिल होने के बाद लौट रहे थे। इस मार्ग पर बढ़ते हादसों के चलते लोग रात के समय जाने से भी कतराने लगे हैं।