02ड्ड धामपुर कोतवाली में जाते हिन्दू वादी संगठन के प्रतिनिधि।
- फोटो : DHAMPUR
धामपुर। स्योहारा चुंगी स्थित धार्मिक स्थल के पास मृत पशु डालने के मामले में पुलिस बृहस्पतिवार को भी आरोपियों का पता लगाने में नाकाम रही। घटना को लेकर हिंदूवादी संगठनों और भाजपा के कार्यकर्ताओं में असंतोष है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। सीओ महावीर सिंह राजावत ने बताया कि पुलिस ने गोहत्या निवारण अधिनियम उत्तरप्रदेश की धारा तीन, पांच व आठ के तहत रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पशु चिकित्सकों के पैनल ने मेडिकल में मृत पशु को गोवंशीय पशु के रूप में पुष्टि की है।
गौरतलब है कि बुधवार को देरशाम नगर की फिजा को खराब करने की नीयत से स्योहारा चुंगी के पास स्थित धार्मिक स्थल के निकट सफेद चादर में बंधे मृत पशु को डाल गया था। इसका पता लगने पर भीड़ जमा हो गई थी। जानकारी मिलने पर हिंदूवादी संगठनों और भाजपा कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। सूचना पर सीओ महावीर सिंह राजावत और कोतवाल अरविंद मोहन शर्मा भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की रिपोर्ट कायम कर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई करने का भरोसा दिया। बाद में कार्यकर्ताओं ने शीला टाकिज के पास जाकर मुरादाबाद मार्ग पर पत्थरों को डालकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने किसी तरह जाम खुलवाया। पुलिस मृत पशु को कोतवाली ले गई। बृहस्पतिवार को दो पशु चिकित्साधिकारियों के गठित पैनल ने मृत पशु का मेडिकल परीक्षण किया। रिपोर्ट में डाक्टरों ने मृत पशु की गोवंशीय पशु के रूप में पुष्टि की है। बताया गया कि कटा मृत पशु एक दिन पुराना है और जिसका वजन करीब 30 किग्रा है।
हिंदू संगठनों ने की खुलासे की मांग
बृहस्पतिवार को आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को पालिकाध्यक्ष राजू गुप्ता, भाजपा मंडल अध्यक्ष राघव शरण गोयल, पुरुषोत्तम, महेंद्र धनौरिया, दीप सौरभ पार्थ, रवि चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधिमंडल सीओ से मिला। उन्होंने पूछा कि जब गोवंश हत्या पर सरकार की ओर से सख्त कानून है तो ऐसा कैसे हो रहा है। इससे पहले विहिप नेता अनिल गोयल, दिनेश भारद्वाज, नितिन अग्रवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ता कोवताल अरविंद मोहन शर्मा से मिले और अविलंब आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।
तीन टीमों का गठन: सीओ
सीओ महावीर सिंह राजावत का कहना है कि घटना का जल्द खुलासा करने को तीन टीमों का गठन किया गया है। आरोपियों का पता लगाने को सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।