बिजनौर। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के घोषित परीक्षाफल में छात्राओं ने एक बार फिर से बेटों को पछाड़कर अपना परचम लहराया है। छात्राएं, छात्रों से करीब 10 प्रतिशत अधिक संख्या में पास हुए हैं। जिले में इंटर के परिणाम में प्रथम, द्वितीय स्थान पर छात्राएं ही रही। हाईस्कूल में अलीना परवीन ने प्रथम व भावना ने द्वितीय स्थान पर रही। इंटर में अक्षरा कौशिक प्रथम और कंचन ने द्वितीय स्थान पाया है।
जनपद की बेटियां अपने माता-पिता का ही नहीं, जनपद के नाम की कीर्ति दूर तक फैला रही है। यूपीएसएससी की परीक्षा में तो जनपद की तीन बेटियों ने सफलता प्राप्त कर दिखा दिया कि बेटियां किसी से कम नहीं है। श्रुति शर्मा ने यूपीएसएससी की परीक्षा में प्रथम रैंक हासिल कर जिले व प्रदेश का नाम पूरे भारत में रोशन किया। यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा परिणाम में टॉप थ्री में बेटियों का कब्जा रहा। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल में 43803 छात्र छात्राओं ने परीक्षा दी थी। इनमें 19056 छात्र तथा 21113 छात्राएं पास हुए हैं। छात्रों का परीक्षाफल 83.98 प्रतिशत तथा छात्राओं का परीक्षाफल 94 प्रतिशत रहा है। इंटर की परीक्षा में 39726 छात्र छात्राएं शामिल हुए थे। इनमें 34598 छात्र तथा छात्राएं पास हुए हैं। छात्रों का पास प्रतिशत 82.13 तथा छात्राओं का 92.42 प्रतिशत है। इस साल हाईस्कूल की टॉप टेन सूची में वर्ष 2020 की टाप टेन सूची के मुकाबले टापर की संख्या 07 अधिक है। इंटर की टाप टेन सूची में वर्ष 2020 के मुकाबले दो छात्र कम है।
टॉप टेन सूची में आगे निकलने की होड़ रही
हाईस्कूल की टॉप टेन सूची में 21 छात्र छात्राएं शामिल हैं। इनमें पहले व दूसरे, आठवें स्थान पर दो दो, चौथे स्थान पर तीन तथा नौवें व दसवें स्थान पर चार चार छात्र छात्राएं तथा शामिल हैं। इंटर की टॉप टेन सूची में 14 छात्र छात्राएं शामिल हैं। इनमें पांचवें, छठे, सातवें तथा नौवें स्थान पर दो दो छात्र है। छात्र छात्राओं में टॉप टेन सूची में शामिल होने की होड़ रही। एक ही स्थान पर अधिक संख्या में छात्र छात्राओं की संख्या होने से कांटे की टक्कर रही। टॉप टेन सूची में ग्रामीण विद्यालयों के छात्र छात्राएं शामिल रही।