बिजनौर की शूटर ख्याति चौधरी व सामिया मेहर।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में जिले की दो बेटियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जनपद का गौरव बढ़ाया है। इंडिया टीम ट्रायल्स के यूथ विंग में सामिया मेहर ने 625.9 अंक प्राप्त कर नंबर वन रैंक हासिल की। चैंपियंस ऑफ चैंपियन लीग में चौथा स्थान रहा। जबकि ख्याति चौधरी ने 619 अंकों के साथ बेहतरीन प्रदर्शन किया। लौटने पर होनहार शूटरों को डीएम अटल कुमार राय ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
नई दिल्ली के तुगलकाबाद स्थित डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में 20 से 23 दिसंबर तक चले इंडियन टीम ट्रायल्स वन और टू में दस मीटर एयर रायफल में बिजनौर निवासी सामिया मेहर और गांव स्वाहेड़ी निवासी ख्याति चौधरी ने प्रतिभाग किया। जिला खेल कार्यालय के कोच सैयद सादिक अनीस के अनुसार सामिया मेहर ने युवा वर्ग में 625.9 का विशाल स्कोर खड़ा कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। ख्याति चौधरी ने 619 अंकों के साथ बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसके अलावा सामिया ने चैंपियंस ऑफ चैंपियन लीग में उत्तर प्रदेश से एकमात्र शूटर के रूप में प्रतिभाग कर नेशनल स्तर पर चौथा स्थान पाया।
दोनों शूटर पिछले करीब दो साल से कोच सैयद सादिक अनीस से नेहरू स्टेडियम में आकर निशानेबाजी के गुर सीख रही हैं। होनहार निशानेबाजों की इस उपलब्धि से उनके परिजनों में हर्ष व्याप्त है। प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह एवं उप जिला क्रीड़ा अधिकारी राकेश कुमार यादव ने दोनों को शुभकामनाएं देते हुए कोच की सराहना की। डीएम अटल कुमार राय ने दोनों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।