तारीख घोषित, टिकट के इंतजार में दावेदार
बिजनौर। ब्लॉक प्रमुख चुनाव की तिथि घोषित होते ही सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अधिकांश ब्लॉक में विभिन्न पार्टियों से टिकट मांग रहे दावेदार पार्टियों के बडे़ नेताओं के संपर्क में हैं। हालांकि अधिकांश दावेदार भाजपा से ही टिकट मांग रहे हैं। आज दिन में भाजपा प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर सकती है।
जिले में ब्लॉक प्रमुख के पांच पद अनारक्षित हैं। चार पदों पर विभिन्न वर्गों की महिलाएं चुनाव मैदान में होंगी। जिले में ब्लॉक प्रमुख के 11 पद हैं। इनमें कोतवाली, नजीबाबाद, हल्दौर, स्योहारा तथा अफजलगढ़ अनारक्षित हैं। किरतपुर अनुसूचित जाति, मौहम्मदपुर देवमल अनुसूचित जाति महिला, जलीलपुर पिछड़ा वर्ग महिला, नूरपुर व धामपुर महिला और नहटौर पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित हैं।
नूरपुर नूरपुर ब्लॉक प्रमुख का पद इस बार अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित किया गया है। ब्लॉक प्रमुख पद के लिए नूरपुर से फिलहाल चार दावेदार मैदान में हैं। इनमें भट्ठा व्यवसायी कुंवर रवेंद्र सिंह की पत्नी आशा देवी, बाइक एजेंसी स्वामी लोकेंद्र चौहम की पत्नी विनीता देवी, मिड डे मील के जिला समन्वयक राशु की पत्नी आकांक्षा चौहान व सतवीर मलिक की पत्नी नीरज देवी के नाम चर्चा में हैं। चारों दावेदार ही भाजपा से टिकट की मांग कर रहे हैं।
धामपुर में दो, कोतवाली ब्लॉक में तीन दावेदार
धामपुर ब्लॉक क्षेत्र में प्रमुख पद के लिए विधायक अशोक राणा के मीडिया प्रभारी नीरज प्रताप सिंह की पत्नी और पूर्व में जिला प्रमुख रहे अतुल राजा की पत्नी के नाम शामिल हैं। समाजवादी पार्टी की तरफ से अभी तक पत्ते नहीं खोले जा रहे हैं। ब्लॉक कोतवाली से भाजपा नेता ठाकुर विकास राजपूत की पत्नी एवं निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख तृप्ति राजपूत के अलावा बढ़ापुर नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन लाला नरेंद्र कुमार अग्रवाल की पुत्रवधू एवं भाजपा नेता पंकज अग्रवाल की पत्नी राखी अग्रवाल तथा भाजपा नेता कुंवर प्रशांत के भाई कुंवर गौरव भाजपा से ब्लॉक प्रमुख पद के दावेदारों में हैं।
इन ब्लॉक में भी चल रही तैयारी
आंकू ब्लॉक प्रमुख पद के लिए भाजपा से जिला सहकारी बैंक के डायरेक्टर चमन दहिया व पूर्व ब्लाक प्रमुख सत्यवीर सिंह के भतीजे राकेश चौधरी। वहीं, हल्दौर से गांव बिसाठ निवासी चौधरी बिजेंद्र सिंह व गांव पृथ्वीपुर मोलहड़ निवासी नीरज त्यागी भाजपा से टिकट की मांग कर रहे है। अफजलगढ़ में भाजपा से पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रदीप कुमार बबली सहित आशीष चौहान ने टिकट मांगा है। जलीलपुर ब्लॉक प्रमुख पद के लिए शुरू से ही दो नाम चर्चाओं में आ रहे हैं। जिनमें एक पूर्व ब्लाक प्रमुख कृपाली देवी के पुत्र रवि धारीवाल की पत्नी रीना धारीवाल व दूसरी विश्व हिंदू परिषद के विभागाध्यक्ष कपिल चौधरी की माता कुंतेश देवी। स्योहारा में भी ब्लॉक प्रमुख पद के लिए पूर्व ब्लॉक प्रमुख देवेश राजपूत के देवर गांव सदाफल निवासी देशबंधु राजपूत तैयारी में जुटे हैं। जबकि गांव सुमालखेड़ी निवासी युवा भाजपा नेता उज्ज्वल चौहान ने भी ब्लॉक प्रमुख पद के लिए दावेदारी की है। तीसरे दावेदार भी गांव सदाफल से शुभम चौहान अपनी ताई सीतादेवी चौहान को ब्लॉक प्रमुख बनाने के लिए प्रयास में लगे हैं।