नांगलसोती के जोशियान मोहल्ले में तिरछा खड़ा विद्युत पोल।
- फोटो : NAZIBABAD
मकानों से सटे बिजली के तारों से खतरा
नांगलसोती। नांगलसोती के जोशियान मोहल्ले में मकानों से सटे बिजली के तार क्षेत्रवासियों के लिए हादसों का सबब बने हैं। विद्युत निगम की लापरवाही और बारिश के चलते मोहल्ले में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने मोहल्ले में तिरछे खड़े विद्युत पोल का सीधा कर विद्युत लाइन की मरम्मत कराने की मांग की।
नांगलसोती निवासी जितेंद्र, विनोद, वीरेेंद्र, बाबूराम, मनोज, कुलदीप का कहना है कि विद्युत निगम की लापरवाही के चलते मोहल्ला जोशियान में कभी भी बड़ी घटना घटित हो सकती है। ग्रामीणों ने बताया कि मोहल्ला जोशियान में लगा बिजली का खंभा कई वर्षों से तिरछा खड़ा है और बिजली के तार नीचे की ओर लटककर मकानों से भिड़ गए हैं। बारिश के कारण बिजली के तारों का करंट मकानों में आ सकता है। जिससे क्षेत्रवासियों की जान पर खतरा बना है।
मोहल्ले के लोगों ने विद्युत निगम के अधिकारियों से इस संबंध में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। विद्युत पोल तिरछा होने से वाहनों की आवाजाही में भी क्षेत्रवासियों को परेशानी झेलनी पड़ती है। लोगों ने विद्युत निगम से विद्युत पोल को सीधा कर बिजली की लाइन की मरम्मत कराने की मांग की है। उधर, जेई दीपक कुमार का कहना है कि जल्द ही जोशियान मोहल्ला का विद्युत पोल सही करा दिया जाएगा।