नजीबाबाद में खस्ताहाल मकान की दीवार गिरने से मलबे में दबा सामान।
- फोटो : NAZIBABAD
वर्षा से मकानों को नुकसान, बाल-बाल बचे परिजन
नजीबाबाद/मंडावली। वर्षा से मकानों और फसलों को नुकसान पहुंचा है। नगर के मोहल्ला मुगलूशाह में खस्ताहाल मकान की दीवार गिरने से सामान मलबे में दब गया, परिजन बाल-बाल बचे।
क्षेत्र में दो दिन से रूक रूककर हो रही वर्षा से कच्चे मकानों को नुकसान पहुंच रहा है। नगर की घनी आबादी के बीच मोहल्ला मुगलूशाह, कोल्हूवाली मस्जिद के निकट अतीकुर्रहमान के खस्ताहाल कमरे की कच्ची दीवार वर्षा के बीच सोमवार की तड़के गिर गई। दीवार गिरने से मलबे में घरेलू सामान और फर्नीचर दब गया। संयोग से अतीकुर्रहमान का परिवार बाहर बरामदे में सो रहा था। पूरा कमरा जर्जर है। एसडीएम परमानंद झा ने सूचना मिलते ही लेखपाल गोविंद को भेजकर दैवीय आपदा राहत कोष से मदद दिलाई।
अतीकुर्रहमान दो वर्ष से प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए नगरपालिका परिषद और डूडा के चक्कर काट रहा है लेकिन आवास नहीं बना। उधर आजाद नगर निवासी मुमताज अंसारी और गांव मुस्सेपुर निवासी विनोद के भी खस्ताहाल मकान को वर्षा से नुकसान पहुुुंचा। एसडीएम ने क्षेत्रीय लेखपाल से जांच कर पीड़ितों को आर्थिक मदद दिलाने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने राजस्व कानूनगो और लेखपालों को 24 घंटे के भीतर वर्षा से होने वाले नुकसान, जनहानि आदि की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।