कालागढ़ में बांध परियोजना कर्मी की कोरोना से मौत
कालागढ़। कालागढ़ में रामगंगा बांध परियोजना के एक और कर्मी की चुनाव ड्यूटी से वापस लौटने के बाद बिगड़ी तबीयत की वजह से मृत्यु हो गई।
कालागढ़ के शिविर प्रबंधन में में विद्युत कर के पद पर नियुक्त राकेश कुमार की शनिवार को बिजनौर में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। सहायक अभियंता मनोज कुमार लिखवार ने बताया कि राकेश कुमार (40 वर्ष) जनपद बिजनौर से त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ड्यूटी कर वापस लौटे थे। उनका स्वास्थ्य खराब था। स्वास्थ्य विभाग से जांच होने पर कोरोना पाजीटिव पाए जाने के बाद उपचार के लिए बिजनौर में भर्ती थे। शनिवार को उनके परिजनों ने सूचना दी कि उपचार के दौरान ही उनकी मृत्यु हो गई । उनकी मृत्यु की सूचना आते ही कालागढ़ में शोक की लहर दौड़ गई है।
गत दिवस विभाग की शिक्षिका मोरिस की कोटद्वार में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। कालागढ़ में जनपद बिजनौर से त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ड्यूटी देकर लौटे बांध परियोजना के तीन कर्मचारी की मृत्यु हो चुकी है। पांच कर्मचारी, पारिवारिक सदस्य घरों में स्वास्थ्य खराब होने के कारण आइसोलेट किए गए हैं।