सड़क हादसे में साइकिल सवार की मौत
शिवाला कला। नलकूप चलाकर लौट रहे साइकिल सवार युवक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हुआ। अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों में कोहराम मचा है।
रविवार रात 10:30 बजे थाना नूरपुर गांव लिंडरपुर निवासी आशुतोष साइकिल से नलकूप चलाकर घर लौट रहा था। जैसे ही नूरपुर अमरोहा मार्ग ईदगाह रतनगढ़ के सामने आया। उसी समय किसी वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर घायल को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र नूरपुर भेजा। गंभीर हालत देख चिकित्सक ने हायर सेंटर भेजा। परिजन उपचार के लिए निजी चिकित्सक मुरादाबाद ले गए। वहां पहुंचने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भतीजे प्रशांत कुमार यादव ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे में तीन घायल
अफजलगढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग भुतपुरी पुल के समीप दाह संस्कार करने जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार लोगों को कार ने पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें ट्रॉली में बैठे तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव मकसूदाबाद में किसी व्यक्ति की मृत्यु हो गई थी। ट्रैक्टर ट्रॉली से गांव के लोग मृतक का अंतिम संस्कार करने भूतपूरी स्थित रामगंगा घाट जा रहे थे। गांव का ही दीपक, ईश्वर सिंह व पवन सहित अन्य लोग ट्राली में पीछे की बैठे हुए थे। पुल के पास पीछे से आ रही किसी कार ने ट्राली को टक्कर मार दी। दुर्घटना में दीपक, ईश्वर सिंह व पवन गंभीर रूप घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से दीपक को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।