रोडवेज बस की चपेट में आकर साइकिल सवार की मौत
मंडावली (बिजनौर)। एनएच-74 पर गांव मोहनपुर के पास रोडवेज की चपेट में आकर एक साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने बस चालक को मौके पर दबोच लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मंडावली क्षेत्र के गांव मोहनपुर के पास शनिवार को करीब साढ़े दस बजे हादसा हुआ। उत्तराखंड के कोटद्वार डिपो की बस नजीबाबाद से हरिद्वार जा रही थी। उसी दौरान गांव मोहनपुर के पास साइकिल सवार युवक सड़क पार करते समय बस की चपेट में आ गया। युवक बस के अगले हिस्से में फंस गया, जिस कारण वह बस के साथ काफी दूर तक सड़क पर घिसटता हुआ चला गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक का शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की पहचान गांव हसनपुर निवासी 27 वर्षीय तसलीम के रूप में हुई। घटनास्थल पर मृतक के परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने रोडवेज बस चालक को मौके पर ही दबोच लिया। मृतक के पिता इस्माइल ने पुलिस को बस चालक के खिलाफ तहरीर दी है। मंडावली पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है।