बदहाल मार्गों से गन्ना ढुलाई करने को मजबूर किसान
नांगलसोती/मंडावली (बिजनौर)। ब्लॉक क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक बदहाल मार्गों से किसान गन्ना ढुलाई करने को मजबूर है। किसानों के गन्ना वाहन मार्ग के गड्ढों में फंसकर आए दिन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। किसानों और विभिन्न संगठनों ने क्षेत्र के क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत कराने की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिससे किसानों में रोष व्याप्त है।
नांगलसोती क्षेत्र का पूंडरीकला-चंदक संपर्क मार्ग सबसे ज्यादा बदहाल है। यह मार्ग पूंडरीकला, पूंडरीखुर्द, बरकातपुर, सबलपुर बीतरा गांव को जोड़ता हैं और किसान इसी मार्ग से चीनी मिल तक गन्ने की ढुलाई करते है। पूंडरीकला के पूर्व प्रधान सुबोध राजपूत, ग्रामीण अरुण कुमार, कुलबीर सिंह, अरशद अहमद का कहना है कि यह मार्ग जगह-जगह से क्षतिग्रस्त होकर गड्ढों में तब्दील हो गया है। इसके अलावा नया गांव से मौजमपुर संपर्क मार्ग, नांगल-चंदक मार्ग और भागूवाला तक नहर पटरी मार्ग बदहाल होने से किसानों को आवाजाही में परेशानी हो रही है।
वही, मंडावली क्षेत्र का मोटा महादेव-भागूवाला बाईपास अति व्यस्त मार्ग है जो क्षेत्र के दर्जनों गांवों को जोड़ता है। किसानों समेत उत्तराखंड के लोग भी हरिद्वार से आने जाने लिए इसी मार्ग का प्रयोग करते हैं। मार्ग के कई जगहों से क्षतिग्रस्त होने से राहगीर परेशान है। इसके अलावा क्षेत्र के राहतपुर खुर्द-जटपुरा संपर्क मार्ग, औरंगपुर बसंता से जालपुर का संपर्क मार्ग और भागूवाला का चंदक हैड मार्ग भी बदहाल है। ग्रामीण कविंद्र सिंह, सुनील कुमार, सुरेश, नरेश, संजीव, भोलू सिंह ने प्रशासन से जल्द इन संपर्क मार्गों की मरम्मत कराने की मांग की है।