साइबर कैफे बंद, अपलोड नहीं हुए बच्चों के अंक
बिजनौर। यूपी बोर्ड स्कूलों के हाईस्कूल में पढ़ने वाले छात्रों के छमाही परीक्षा के अंक परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करने को लेकर मारामारी मची है। कोरोना कर्फ्यू के चलते साइबर कैफे बंद हैं। जिस कारण मात्र 25 प्रतिशत स्कूलों के अंक ही अपलोड हुए हैं। हजारों छात्रों के अंक अपलोड नहीं होने का खतरा है। शिक्षक संगठनों ने अंक अपलोड करने के लिए समय बढ़ाने की मांग की है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने स्कूलों से हाईस्कूल में पंजीकृत छात्र-छात्राओं के छमाही व प्री-बोर्ड परीक्षा के अंक परिषद की वेबसाइट पर अपलोड कराने को कहा है। इसके लिए स्कूलों को मात्र एक दिन का समय दिया गया है। स्कूलों को 18 मई आज रात 12 बजे तक अंक अपलोड करने हैं। अंक अपलोड कराने को लेकर आज दिन भर मारामारी रही। कोरोना के कारण साइबर कैफे बंद हैं। सभी स्कूलों के पास अपलोडिंग की अपनी कोई व्यवस्था नहीं है।
बताया जाता है कि कुछ साइबर कैफे मालिक अपने घरों से काम कर रहे हैं। जिले में 387 स्कूलों के 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं के अंक अपलोड होने हैं। अभी तक करीब 25 प्रतिशत स्कूलों के अंक अपलोड हुए हैं। रात बारह बजे तक अधिकतम 50 प्रतिशत स्कूलों के अंक अपलोड हो सकते हैं। माध्यमिक शिक्षक संघ सेवारत की वर्चुअल बैठक में मुख्यमंत्री से अंक अपलोड करने का समय बढ़ाने की मांग की गई है। वहीं, प्रभारी डीआईओएस सुभाष कुमार का कहना है कि अंक 18 मई रात 12 बजे तक ही अपलोड होने का समय है। समय बढ़ाया नहीं गया है।