ग्रामीण क्षेत्रों में कोल्हुओं के चक्के चले
अफजलगढ़। पहाड़ी क्षेत्रों में मांग को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्र में गुड़ कोल्हुओं का संचालन शुरू हो गया है। क्षेत्र में करीब चार दर्जन से अधिक कोल्हू संचालित किए जाते हैं, वर्तमान में करीब एक दर्जन कोल्हू संचालित हो चुके हैं। इन कोल्हुओं पर 260 से 280 के बीच गन्ना खरीदा जा रहा है। करीब 15 दिन के भीतर सभी कोल्हुओं का संचालन शुरू हो जाएगा।
गांव कादराबाद, चौहड़वाला, भिक्कावाला, मीरापुर, रसूलपुर, रसूलाबाद, चकफेरी, नबाबपुरा तथा धारा आदि में प्रतिवर्ष करीब चार दर्जन से अधिक गुड़ कोल्हू संचालित कर गुड़ बनाया जाता है। अक्तूबर के प्रारंभ में क्षेत्र के इन गांवों में करीब एक दर्जन कोल्हुओं पर गुड़ बनना शुरू हो गया। पिछले वर्ष कोल्हू संचालकों को गुड़ में लाभ प्राप्त हुआ था। इन कोल्हुओं पर वर्तमान समय में 260 से 280 रुपये प्रति क्विंटल के बीच गन्ना खरीदा जा रहा है। किसान मिल न चल पाने के कारण अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए गन्ना कोल्हुओं पर डाल रहे हैं। कोल्हू संचालकों का कहना है कि गन्ने से अभी रिकवरी कम आ रही है। मंडी में गुड़ का भाव 36 से 37 रुपये किलो मिल रहा है। इन गांवों से चांदपुर, हल्द्वानी, काशीपुर तथा रामनगर की मंडियों में गुड़ बेचा जाता है। पहाड़ों पर नए गुड़ की अधिक मांग होने के चलते गुड़ वहां बेचा जा रहा है।