ओलावृष्टि, बारिश और तेज हवा से फसलें बर्बाद
बिजनौर/बेगावाला। हर हफ्ते हो रही ओलावृष्टि किसानों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। शुक्रवार को लगभग पूरे जिले में ओलावृष्टि हुई। ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ है। आम का बौर बुरी तरह नष्ट हुआ है। ओलावृष्टि ने गेहूं और सरसों की फसल को 20 से 30 प्रतिशत नुकसान होने की संभावना है। शुक्रवार को जिले भर में 13.8 एमएम बारिश हुई।
बारिश ने किसानों को बेहाल कर रखा है। दो दिन से जिले में लगातार बारिश हो रही है। किसान उम्मीद लगा रहे थे कि शुक्रवार को बारिश नहीं होगी। बृहस्पतिवार शाम को आसमान साफ होने से ऐसा लग भी रहा था, लेकिन रात में फिर से बादल छा गए। करीब तीन बजे तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश हुई। दो घंटे तक बारिश होती रही। करीब पौने छह बजे अचानक ओलावृष्टि शुरू हो गई। कुछ जगह पर ओलावृष्टि करीब दो मिनट तक ही हुई, जबकि कुछ जगह पर दस मिनट तक पत्थरों की तरह ओले बरसते रहे। ओलावृष्टि से सबसे ज्यादा नुकसान आम के बौर को हुआ है। ओलों की चोट से आम का बौर टूट गया। तेज हवा से कई जगह गेहूं की फसल भी बुरी तरह गिर गई। गेहूं की बाली, सरसों की फलियां, गन्ने का अंगोला, बरसीम आदि फसलें बुरी तरह प्रभावित हुईं हैं।
किसान जब सुबह को बरसीम काटने के लिए खेतों में गए तो बरसीम की जड़ में दो घंटे बाद तक भी ओले पड़े मिले। बेगावाला क्षेत्र में करीब 20 मिनट तक ओलावृष्टि हुई। घरों के आंगन, खेत, सड़क ओलों से पट गए। बारिश से खेतों में पानी भरा रहा। हर दूसरे, तीसरे दिन हो रही बारिश से गन्ना बुवाई लगातार पिछड़ती जा रही है। जिन किसानों ने गन्ने के खेत तैयार कर लिए थे उन्हें खेतों को तैयार करने में कम से 15 दिन का समय लगेगा वह भी तब जब इस बीच बारिश न हो। बारिश की वजह से खीरा, ककड़ी, तरबूज, खरबूजा आदि की बुवाई भी शुरू नहीं हो पाई है। बारिश, ओलावृष्टि व हवा से मौसम में ठंडक भी फिर से लौट आई है। कृषि विभाग द्वारा कराए गए सर्वे में मोहम्मदपुर देवमल ब्लॉक के गांवों में फसलों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। गेहूं, आम के बौर, मटर, मसूर, सरसों की फसल को 20 से 30 प्रतिशत नुकसान हुआ है। गांव बरूकी, चांदानंगली में भी फसलों को काफी नुकसान हुआ है।
खेतों में गिरी गेहूं और सरसों की फसल
नींदडू़/स्योहारा/हल्दौर। क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात से शुक्रवार दोपहर तक होने वाली बारिश और ओलावृष्टि ने नींदडू़ खास, वाजिदपुर, मोहम्मद अलीपुर भिक्कन, मनकुआं, बख्शनपुर, बुआपुर नत्थू, हरियाना और दौलतपुर सुक्खा आदि गांवों में काफी नुकसान पहुंचाया है। देशराज सिंह, तरुण कुमार, राजाराम, ओमराज सिंह, थम्मन सिंह, ओमपाल सिंह, खूब सिंह, शकील अहमद एवं दिग्विजय सिंह आदि किसानों का कहना है कि दिसंबर से अब तक एक सप्ताह भी ऐसा नहीं गुजरा, जिसमें बारिश न हुई हो। शुगर मिल से कम पर्ची आने के कारण करीब करीब आधा गन्ना अभी खेतों में खड़ा है। जो खेत खाली हुए हैं, वर्षा के कारण उनमें पानी भरा है। वहीं, स्योहारा में शुक्रवार की सुबह दो मिनट तक ओले गिरते रहे। कुछ देर के लिए सड़कों पर आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया। इससे गेहूं और सरसों की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। हल्दौर क्षेत्र में तेज हवा बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। हल्दौर, बिलाई, जमालपुर, नवादा तुल्ला, फड़ियापुर आदि गांव में ओलावृष्टि हुई। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के पश्चिम उत्तर प्रदेश के महासचिव कैलाश लांबा ने सरकार से किसानों को नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की है।
बारिश, ओलावृष्टि से जनजीवन अस्तव्यस्त
फोटो-11, 13
बढ़ापुर/अफजलगढ़। पिछले तीन दिन से रुक-रूककर हबो रही वर्षा व शुक्रवार की सुबह हुई ओलावृष्टि से जन जीवन अस्तव्यस्त हो गया। खेतों में पानी भरा होने के कारण किसान गन्ने की छिलाई नहीं कर पाए। अफजलगढ़ क्षेत्र में ओलावृष्टी और वर्षा ने किसानों को परेशानी में डाल दिया है। तेज हवा की वजह से कई जगह टीन शेड उड़ गए। गांव मुरलीवाला, चौहड़वाला, भूतपुरी, कासमपुरगढ़ी जिक्रीवाला आदि सहित अनेक गांवों के किसान संगम कुमार, विजयपाल सिंह, हरी सिंह, यशवंत सिंह, माजिद, खलील, सुखदेव सिंह आदि का कहना है कि वर्षा और हवाओं से उनकी सरसों व गेहूं की फसलें गिर गईं। बारिश के पानी की निकासी न होने से पीएनबी रोड स्थित बाजार तथा रामलीला मैदान में जल भराव हो गया। शिव प्रकाश, संदीप पाठक, विजय शर्मा, अजय कुमार, राजीव अग्रवाल, मोहित रोहिला, पीयूष माहेश्वरी सहित अन्य दुकानदारों का कहना है कि नगरपालिका की ओर से नालों की पर्याप्त सफाई न कराए जाने से बरसाती पानी की निकासी नहीं हो रही है।
बिजनौर के ग्राम ग्राम बाकरपुर गढ़ी में ओले दिखाते बच्चे।- फोटो : BIJNOR
बिजनौर: स्योहारा में हुई ओलावृष्टि।- फोटो : BIJNOR
नजीबाबाद के जलालाबाद क्षेत्र में गन्ने के खेत में भरा पानी।- फोटो : NAZIBABAD
नजीबाबाद के मंडावली क्षेत्र में वर्षा के दौरान हुई ओलावृष्टि।- फोटो : NAZIBABAD
मंडावली क्षेत्र में वर्षा के उपरांत गेंहू के खेतों में भरा पानी।- फोटो : NAZIBABAD
नजीबाबाद में तेज बारिश में गुजरतीं युवतियां।- फोटो : NAZIBABAD