महिला की हत्या के बाद जाम लगा रहे ग्रामवासियों को समझाते सीओ।
- फोटो : अमर उजाला
चांदपुर में जंगल में चारा काटने गई एक महिला की उसकी साड़ी से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई । पुलिस के मौके से शव उठाकर लाने से गुस्साए ग्रामीणों ने गांव के पास रास्ता जाम कर दिया। महिला के मायके वालों ने उसके पति समेत अन्य ससुरालवालों पर दहेज के लिए महिला की हत्या करने का आरोप लगाकर पुलिस में तहरीर दी है।
गांव हैजरपुर निवासी प्रवीण सिंह सैनी की 30 साल की पत्नी कमलेश शनिवार को जंगल में चारा काटने गई थी।। पति जंगल पहुंचा तो कमलेश वहां नहीं मिली। बरसीन वहां कटी पड़ी थी। ग्रामीणों को साथ लेकर प्रवीण ने कमलेश की तलाश की तो दूसरे खेत में कमलेश का शव पड़ा मिला। कमलेश के गले में उसकी साड़ी का फंदा फंसा पड़ा था। साड़ी से ही उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है।
प्रवीण ने पुलिस को बताया कि जंगल पहुंचने पर उसने एक व्यक्ति को भागते देखा है। ग्रामीण दुष्कर्म के बाद कमलेश की हत्या की आशंका जताने लगे। मायके वाले सूचना मिलने पर पहुंच गए। पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को जबरन उठाकर थाने ले आई।
इस बात पर ग्रामीण बिगड़ गए और उन्होंने गांव हैजरपुर के सामने रास्ता जाम कर दिया। पुलिस के समझाने पर ढाई घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। ग्रामीण शव को वापस लाने की मांग कर रहे थे। प्रभारी निरीक्षक फतेह सिंह के मुताबिक कमलेश के मायके वाले अमरोहा जिले के गांव सोती मंडय्यो के रहने वाले हैं। उन्होंने कमलेश के पति व अन्य ससुरालवालों पर दहेज की खातिर कमलेश की हत्या करने का तहरीर दी है। कमलेश व ससुरालवालों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था।