महिला की हत्या के बाद मौके पर जमा ग्रामीणों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
मंडावली में क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला की घर में सनसनीखेज तरीके से हत्या कर दी गई। उसका शव बिस्तर पर ही पड़ा मिला आशंका जताई गई है कि दुष्कर्म के वारदात को अंजाम दिया गया है। उधर, नजीबाबाद के हर्सवाड़ा क्षेत्र में एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में बेहोश मिली। महिलाओं के साथ हो रही घटनाओं से तहसील क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
गांव निवासी एक होमगार्ड की पत्नी घर पर मृत पड़ी मिली। उसके सिर पर चोटों के गंभीर निशान थे। घटना के समय महिला घर पर अकेली थी। पति ड्यूटी पर था, जबकि महिला के दोनों बच्चे बाहर रहते हैं। महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई गई है। शनिवार की दोपहर लगभग ढाई बजे महिला की हत्या की खबर से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही मंडावली थाना प्रभारी सतीश यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव कब्जे में ले लिया। कार्यवाहक सीओ बीएल आर्य ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। महिला के पति की ओर से अज्ञात में हत्या करने की तहरीर सौंपी गई है।
उधर, नजीबाबाद क्षेत्र के एक मोहल्ले की महिला हर्सवाड़ा क्षेत्र में तड़के बेहोशी की अवस्था में मिली। महिला ने ई-रिक्शा चालक सहित तीन लोगों पर उसे कोल्ड ड्रिंक में नशा देने तथा दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। प्रथम दृष्टया पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है। महिलाओं के साथ हो रही लगातार आपराधिक घटनाओं से क्षेत्रवासियों में दहशत है। साहनपुर निवासी एक वृद्धा पर जानलेवा हमला होने के बाद घायल महिला ने दो दिन बाद दम तोड़ दिया था। जलालाबाद क्षेत्र में बाग की रखवाली करने वाली अधेड़ उम्र महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या हुई थी।
उधर, गढ़वाला निवासी एक युवती पर हमला, जुल्फकारपुर गढ़ी निवासी एक महिला को सुआ मारकर घायल करने की घटना सहित महिलाओं पर हमले की कई घटनाओं से शहर से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है।