हल्दौर में उत्तराखंड राज्य की पुलिस ने ऋषिकेश के एक होटल से करीब चार वर्ष पूर्व जिला पंचायत सदस्यों के अपहरण करने के मामले में वांछित पूर्व सपा जिलाध्यक्ष राशिद हुसैन को पकड़ने के लिए दबिश दी।
पुलिस के मुताबिक वर्ष 2013 में जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में प्रत्याशी विजयवीरी के खेमे के जिला पंचायत सदस्यों को बिजनौर के कई सपा के दिग्गज नेताओं ने ऋषिकेश के थाना लक्ष्मण झूला क्षेत्र के एक होटल मेें हमला करके उन्हें अगवा कर लिया था। इस मामले में पूर्व जिलाध्यक्ष राशिद हुसैन समेत जिले के 10 नेताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पुलिस ने कोर्ट में आरोपपत्र दाखिल कर दिए थे। काफी समय तक न्यायालय में उपस्थित न होने पर अभियुक्तों के विरुद्ध गैर जमानती वारंट जारी किए गए।
उत्तराखंड पुलिस इस मामले में शामिल बाकी बचे आरोपियों को पकड़ने की फिराक में लगी हुई है। बृहस्पतिवार को उत्तराखंड के जनपद पौड़ी गढ़वाल के ऋषिकेश के थाना लक्ष्मण झूला से एसआई विकास भारद्वाज, प्रदीप सैनी, शेखर सैनी ने स्थानीय थाने पुलिस को साथ लेकर कस्बा झालू में वांछित पूर्व सपा जिलाध्यक्ष राशिद हुसैन को पकड़ने के लिए दबिश दी। राशिद हुसैन के नहीं मिलने पर पुलिस लौट आई। थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश मिश्र ने छापामारी की पुष्टि की है। कहना है िक उत्तराखंड पुलिस आई थी, लेकिन सफलता नहीं मिली।