नल को लेकर हुई मामूली कहासुनी ने पांच बच्चों के सिर से पिता का सहारा छीन लिया। गत 30 अप्रैल को कहासुनी के बाद पड़ोसी ने व्यक्ति और उसकी पत्नी पर हमला कर दिया था, जिसमें घायल पति ने मंगलवार को दम तोड़ दिया। पुलिस ने पति-पत्नी को डंडों के प्रहार से जख्मी करने वाले व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। हमलावर व्यक्ति फरार बताया गया है। पुलिस ने करनाल की शिव कालोनी, गांव भैनी खुर्द और कैथल के ढांड क्षेत्र में छापेमारी की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक हत्यारोपी का कोई सुराग नहीं लग पाया था। पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ महिला को जान से मारने की धमकी देने और उसके पति की हत्या करने का मामला दर्ज कर लिया है।
शाहाबाद क्षेत्र के मोहड़ी रेलवे कालोनी वासी ललीता देवी ने पुलिस को शिकायत की है कि गत 30 अप्रैल को रात करीब आठ से नौ बजे के बीच उनके पड़ोसी करनाल शिव कालोनी वासी अजय कुमार बख्शी ने उसके पति शंकर पर डंडे से अचानक हमला कर दिया। इस हमले में उसके पति को काफी चोटें आई और सिर में गंभीर चोट लगी। इस बीच उनसे बीच-बचाव का प्रयास किया तो अजय ने उसके ऊपर भी डंडे से प्रहार किए, जिसमें वह भी चोटिल हो गई।
बताया गया है कि घायल को निकट ही जीटी रोड स्थित आदेश अस्पताल में दाखिल कराया गया था, जहां उसका आपरेशन हुआ, लेकिन हालत में सुधार ना होने के कारण उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। बताया गया है कि गत दिवस पीजीआई चंडीगढ़ ले जाते समय शंकर ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इधर पुलिस ने लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा। बहरहाल शंकर की पत्नी इस घटना के बाद गहरे सदमे में है, क्योंकि उक्त घटना ने एक झटके में पांच बच्चों के सिर से पिता का साया छीन लिया।
आईसीयू में होने के कारण नहीं हुए थे बयान : एसएचओ
थाना शाहाबाद के एसएचओ अजायब सिंह ने बताया घायल शंकर को जीटी रोड स्थित आदेश अस्पताल में दाखिल कराया गया था। उक्त घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन आईसीयू में होने के कारण शंकर के बयान नहीं हो सके थे। उन्होंने बताया कि शंकर की स्थिति में सुधार नहीं होने के कारण उसे पीजीआई रेफर किया था, इस दौरान उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
करनाल और कैथल के ढांड में छापेमारी
जांच अधिकारी अजायब सिंह के मुताबिक आरोपी अजय की तलाश जारी है। करनाल और कैथल में दो जगह उसकी तलाश में छापेमारी की चुकी है। मगर उसका कोई सुराग नहीं लगा। बताया गया है कि अजय मूल रूप से जिला कैथल के कसबा ढांड का निवासी है और पिछले काफी समय से शिव कालोनी करनाल में रह रहा था। वह पिछले कुछ दिनों से मोहड़ी रेलवे कालोनी में रहकर ठेकेदार के साथ काम कर रहा था। जब उक्त दोनों स्थानों पर छापेमारी की गई तो ज्ञात हुआ उक्त आरोपी करनाल के गांव भैनी खुर्द में है, लेकिन छापेमारी के दौरान उसका वहां भी कोई सुराग नहीं लगा।