बिजनौर में मतदान से एक दिन पहले कोतवाली देहात पुलिस ने गैर राज्य से तस्करी करके छिपाकर रखी 20 लाख की शराब के साथ दो तस्करों को दबोचा है। पांच तस्कर मौके से भाग निकले।
एसपी अजय कुमार साहनी के मुताबिक कोतवाली देहात पुलिस ने अकबराबाद-किरतपुर रोड पर गांव धनौरी कुंवर के पास बंद पड़े बालाजी उद्योग भट्टे से किरतपुर थाने के गांव ऊमरी डबास निवासी कौशलेेंद्र सिंह व वीरेंद्र सिंह को दबोच लिया। भट्टे के अंदर रखी 210 पेटी चंडीगढ़ मार्का शराब भी बरामद की है। पकड़ी गई शराब की कीमत 20 लाख रुपये है। मौके से शहर कोतवाली के गांव रसूलपुर निवासी परवेंद्र, हल्दौर थाने के कस्बा झालू निवासी रवि, मुनेंद्र उर्फ मांगे, कोतवाली देहात थाने के गांव रामपुर निवासी विशंभर सिंह व किरतपुर थाने के गांव सिसौना जट निवासी अनिल कुमार मौके से भाग निकले। तस्कर कौशलेंद्र के पास से एक तमंचा व दो कारतूस भी मिले हैं। शराब वोटरों को प्रभावित करने के लिए दूसरे राज्यों से लाए थे। शराब मैसर्स कोऑपरेटिव कंपनी लिमिटेड प्लॉट नंबर 147 इंडस्ट्रीयल एरिया फेज 2 चंडीगढ़ से लाते हैं। कंपनी का मैनेजर तस्करों से मिला हुआ है। महंगे दामों में शराब बेचकर मैनेजर को हिस्सा पहुंचाते हैं। एसपी के मुताबिक पकड़ी गई शराब की कीमत 20 लाख रुपये हैं। पुलिस फरार तस्करों की तलाश में जुटी है।